
दुर्ग/भिलाई। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर “एक भारत श्रेष्ठ भारत” की भावना के साथ दुर्ग पुलिस द्वारा सोमवार को वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा हरित भविष्य के निर्माण के लिए सामूहिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना रहा।
यह कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे पुलिस कंट्रोल रूम के पीछे स्थित मैदान, सेक्टर-06 भिलाई में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक, दुर्ग रेंज अभिषेक शांडिल्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मणिशंकर चंद्रा, नगर पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी, महिला सेल के राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारीगण तथा बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल औपचारिकता नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी है और प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करना चाहिए।
पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि वृक्षारोपण अभियान को जनआंदोलन का रूप देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पौधा लगाना जितना महत्वपूर्ण है, उससे अधिक महत्वपूर्ण उसका संरक्षण है। पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक उत्तरदायित्व बताते हुए उन्होंने नागरिकों से सक्रिय भागीदारी की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन और हरित भविष्य के निर्माण के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का सामूहिक संकल्प लिया।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे पर्यावरण संरक्षण को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी मानते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करें और स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में योगदान दें।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.