-समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश, उरला क्षेत्र के लिए नए फिल्टर प्लांट के प्रस्ताव पर भी सहमति

दुर्ग। नगर पालिक निगम दुर्ग क्षेत्र में संचालित विभिन्न महत्वपूर्ण अधोसंरचना परियोजनाओं का निरीक्षण आज उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने किया। इस दौरान महापौर श्रीमती अलका बाघमार, सभापति श्याम शर्मा, लोककर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, जल कार्य प्रभारी श्रीमती लीना दिनेश देवांगन, कलेक्टर अभिजीत सिंह, आयुक्त सुमित अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
-नालंदा परिसर बनेगा आधुनिक अध्ययन केंद्र ..
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रयास कन्या विद्यालय एवं छात्रावास के पीछे अधोसंरचना मद से लगभग 1213.98 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन नालंदा परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना पूर्ण होने के बाद विद्यार्थियों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को आधुनिक एवं सुव्यवस्थित अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे उनके शैक्षणिक विकास को नई दिशा मिलेगी।
-इंदिरा मार्केट में बनेगी आधुनिक मल्टीलेवल पार्किंग ..
नालंदा परिसर के निरीक्षण के बाद उपमुख्यमंत्री ने महापौर के साथ पुराना बस स्टैंड स्थित इंदिरा मार्केट में प्रस्तावित मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को कार्य शीघ्र प्रारंभ कर निर्धारित अवधि में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शहर में बढ़ते यातायात और व्यावसायिक क्षेत्रों में पार्किंग की समस्या को देखते हुए यह परियोजना अत्यंत महत्वपूर्ण है। लगभग 17 करोड़ 35 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना की निर्माण अवधि 18 माह निर्धारित की गई है।
-उरला में 47 एमएलडी एसटीपी निर्माण कार्य का लिया जायजा ..
अमृत मिशन 2.0 के अंतर्गत पुलगांव में 30 एमएलडी एवं उरला में 47 एमएलडी क्षमता के कुल 77 एमएलडी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) निर्माण कार्यों में से उपमुख्यमंत्री ने उरला में निर्माणाधीन 47 एमएलडी एसटीपी का निरीक्षण किया। लगभग 129.50 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रहे इस प्रोजेक्ट की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों एवं एजेंसी को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि यह परियोजना शहर की सीवरेज व्यवस्था को मजबूत बनाने और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उरला पटरी पार क्षेत्र के लिए नए फिल्टर प्लांट की मांग
निरीक्षण के दौरान महापौर अलका बाघमार ने उरला पटरी पार क्षेत्र में स्थायी जल समाधान के लिए नए फिल्टर प्लांट की मांग रखी। इस पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने अधिकारियों को आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.