-प्रधानमंत्री आवास के हितग्राहियों को सौंपी गई चाबियां, स्वनिधि योजना के तहत ऋण स्वीकृति चेक वितरित
दुर्ग। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान के तहत नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा श्रद्धेय मोतीलाल वोरा सभागार में आयोजित तीन दिवसीय वृहद पंजीकरण शिविर का शनिवार को सफल समापन हुआ। 18 से 20 जून 2026 तक चले इस शिविर में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए बड़ी संख्या में नागरिकों ने पंजीयन कराया और योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।
समापन समारोह में वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन और महापौर अलका बाघमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में आयुक्त सुमित अग्रवाल, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी एवं ग्रामीण) के हितग्राहियों को आवास की चाबियां एवं पूर्णता प्रमाण पत्र वितरित किए गए। वहीं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत बैंक ऑफ महाराष्ट्र द्वारा तीन हितग्राहियों को 50-50 हजार रुपये के ऋण स्वीकृति चेक प्रदान किए गए।
शिविर में नगर पालिक निगम दुर्ग सहित स्वास्थ्य विभाग, जनपद पंचायत, खाद्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, नगर निगम भिलाई और नगर निगम रिसाली समेत विभिन्न विभागों ने भाग लिया। तीन दिनों में कुल 176 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 112 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष 63 आवेदन त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजे गए।
शिविर के दौरान आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम स्वनिधि योजना, पीएम सूर्यघर योजना तथा विभिन्न पेंशन योजनाओं के लिए नागरिकों ने पंजीयन कराया और योजनाओं से जुड़ी जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रिकेश सेन ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता पात्र नागरिकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और ऐसे शिविर शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का माध्यम बनते हैं।
महापौर अलका बाघमार ने कहा कि केंद्र एवं राज्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस शिविर का आयोजन किया गया, जिससे नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने की सुविधा मिली।
आयुक्त सुमित अग्रवाल ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि निगम प्रशासन आगे भी जनहित के ऐसे कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन करता रहेगा।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.