होम / दुर्ग-भिलाई / केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने ली विद्युत विभाग की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
दुर्ग-भिलाई

दुर्ग। छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग एवं विधि-विधायी मंत्री गजेन्द्र यादव ने आज दुर्ग स्थित पीडब्ल्यूडी सभागार में छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी(सीएसपीडीसीएल), दुर्ग रीजन के अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। बैठक में दुर्ग एवं बेमेतरा जिले में विद्युत वितरण कार्यों, उपभोक्ता सेवाओं और आगामी भविष्य की योजनाओं पर व्यापक चर्चा किया गया। मंत्री श्री यादव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्युत विभाग अपनी कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाए, ताकि आम उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली सेवा मिल सके और लंबित कार्यों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित हो।
मंत्री श्री यादव ने कृषि कार्यों के मद्देनजर बिजली व्यवस्था पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मानसून से पहले कृषि पंप लाइनों का मेंटेनेंस कार्य हर हाल में पूरा कर लिया जाए, ताकि खेती के दौरान किसानों को बिजली कटौती की समस्या का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही, उन्होंने टाउन एवं ग्रामीण फीडर को अलग-अलग करने, पेयजल हेतु पृथक ट्रांसफार्मर की व्यवस्था करने और लंबित कृषि पंप कनेक्शनों का नियमानुसार शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेंटेनेंस के नाम पर 10-12 घंटे का लंबा शटडाउन न लेकर कम से कम समय में कार्य पूर्ण किया जाए।
प्री-मानसून तैयारियों की समीक्षा करते हुए श्री यादव ने आंधी-तूफान के दौरान ब्लैक आउट की स्थिति से बचने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पेड़ों की छंटनी और जर्जर लाइनों के सुधार कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा ताकि आपदा के समय बिजली व्यवस्था सुचारू रहे। इसके अतिरिक्त, उन्होंने मैदानी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जनप्रतिनिधियों एवं उपभोक्ताओं की शिकायतों के प्रति संवेदनशील रहें एवं अपने अधीनस्थों को निर्देशित करें कि दूरभाष पर कर्मचारी उपलब्ध रहें एवं उपभोक्ताओं से शालीनतापूर्वक चर्चा कर उन्हें संतोषजनक जवाब दें।
उन्होंने उपभोक्ताओं के लिए आपातकालीन दूरभाष नंबर जारी करने और सहायक एवं कनिष्ठ अभियंताओं के फील्ड विजिट के साथ-साथ कार्यालय में बैठने का निश्चित समय तय करने को कहा, ताकि आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। मंत्री गजेन्द्र यादव ने अंत में सभी अधिकारियों को शासकीय योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ अंतिम छोर तक पहुँचाने और उपभोक्ताओं के लिए सेवा सुविधाओं को और अधिक उन्नत करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्ग श्रीमती सरस्वती बंजारे, जिला पंचायत अध्यक्ष बेमेतरा श्रीमती कल्पना तिवारी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दुर्ग पवन शर्मा, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कुलेश्वरी देवांगन, जनपद पंचायत अध्यक्ष साजा जितेन्द्र साहू, विभिन्न नगर पंचायतों के अध्यक्षगण विशाल देशलहरा (बेरला), संदीप परगनिहा (भिंभौरी), देशू राम साहू (परपोड़ी), श्रीमती श्वेता अग्रवाल(धमधा), विद्यानंद कुशवाहा(अहिवारा), श्रीमती मीना वर्मा(कुम्हारी), योगेश निक्की भाले(पाटन) एवं दुर्ग तथा बेमेतरा जिले के अन्य जनप्रतिनिधियों सहित छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, दुर्ग क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक संजय खंडेलवाल, अधीक्षण अभियंता द्वय आर.के.मिश्रा एवं जे.जगन्नाथ प्रसाद, कार्यपालन अभियंता छगन शर्मा, आर.के.दानी, डी.के.भारती, नवीन कुमार राठी, टी.एन.बन्छोर, जे.एस. भटनागर, मनीष शुक्ला, टी.एल.सहारे एवं अन्य अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.