वीआर तकनीक से कर्मचारियों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का दिया जा रहा प्रशिक्षण

भिलाई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल ने सोमवार को भिलाई सेक्टर-6 स्थित पुलिस वेलफेयर पेट्रोल पंप का निरीक्षण कर वहां संचालित इंडियन ऑयल की "एकेडमी ऑन व्हील्स" प्रशिक्षण कार्यशाला का जायजा लिया। यह प्रशिक्षण 30 मई 2026 से पेट्रोल पंप कर्मचारियों के लिए आयोजित किया जा रहा है।
"एकेडमी ऑन व्हील्स" एक आधुनिक मोबाइल प्रशिक्षण इकाई है, जिसके माध्यम से कर्मचारियों को आग लगने जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने, ग्राहकों के साथ बेहतर व्यवहार करने तथा पेट्रोल पंप के सुरक्षित संचालन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जा रही हैं।
निरीक्षण के दौरान एसपी विजय अग्रवाल ने स्वयं वीआर (वर्चुअल रियलिटी) चश्मा पहनकर प्रशिक्षण प्रक्रिया का अनुभव लिया। वीआर तकनीक के जरिए आगजनी जैसी वास्तविक आपात स्थितियों का आभासी वातावरण तैयार किया जाता है, जिससे कर्मचारी बिना किसी जोखिम के ऐसी परिस्थितियों से निपटने का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त कर सकें।
एसपी ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कर्मचारियों से चर्चा की और उनके कार्य के प्रति समर्पण एवं अनुशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक आधारित प्रशिक्षण से कर्मचारियों की दक्षता और सतर्कता में वृद्धि होगी, जिससे वे किसी भी आपात स्थिति का बेहतर ढंग से सामना कर सकेंगे।
इस अवसर पर ट्रेनर निशांत कौशिक एवं अक्षय कुमार, सुपरवाइजर संजय स्वामी, इंडियन ऑयल के सेल्स ऑफिसर अंकित साखरकर तथा पुलिस पेट्रोल पंप के प्रभारी आरआई नीलकंठ वर्मा उपस्थित थे।
एसपी विजय अग्रवाल ने कहा कि इस प्रकार की तकनीक आधारित ट्रेनिंग भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए बेहद उपयोगी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशिक्षित कर्मचारी किसी भी आपात स्थिति को कुशलतापूर्वक संभालने में सक्षम होंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग का प्रयास है कि यह पेट्रोल पंप क्षेत्र का सबसे सुरक्षित और उत्कृष्ट पेट्रोल पंप बने।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.