-फर्जी बैंक खातों में ट्रांसफर की गई हितग्राहियों की राशि, पुलिस ने मोबाइल, एटीएम कार्ड और बैंक दस्तावेज किए जब्त
दुर्ग। दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को मिलने वाली शासकीय प्रोत्साहन राशि में बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। योजना की राशि फर्जी बैंक खातों में हस्तांतरित कर लाखों रुपए की हेराफेरी करने वाले दो आरोपियों को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले में थाना धमधा एवं थाना पाटन पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने जनपद पंचायत स्तर पर प्राप्त लॉगिन आईडी और पासवर्ड का दुरुपयोग कर हितग्राहियों के वास्तविक बैंक खातों के स्थान पर अपने नियंत्रण वाले खातों की जानकारी ऑनलाइन पोर्टल में दर्ज कर दी थी। इसके बाद शासकीय राशि उन्हीं खातों में ट्रांसफर होती रही।
-107 हितग्राहियों की राशि फर्जी खातों में पहुंची
पुलिस के अनुसार थाना धमधा क्षेत्र में 44 हितग्राहियों की लगभग 4 लाख 50 हजार रुपए तथा थाना पाटन क्षेत्र में 63 हितग्राहियों की लगभग 12 लाख 60 हजार रुपए की राशि अन्य बैंक खातों में स्थानांतरित की गई। इस प्रकार कुल 107 हितग्राहियों की लगभग 17 लाख 10 हजार रुपए से अधिक की राशि में अनियमितता सामने आई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना धमधा में धारा 318(4) बीएनएस तथा थाना पाटन में अपराध क्रमांक 176/2026 के तहत धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई।
-तकनीकी जांच से खुला पूरा फर्जीवाड़ा
विवेचना के दौरान पुलिस ने बैंक दस्तावेज, ऑनलाइन पोर्टल की जानकारी एवं तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच में पाया गया कि आरोपियों को योजना अंतर्गत खातों में सुधार के लिए अधिकृत लॉगिन एक्सेस प्राप्त था। इसी का दुरुपयोग करते हुए उन्होंने पात्र हितग्राहियों के बैंक खातों की जानकारी बदलकर अपने नियंत्रण वाले खातों का विवरण दर्ज कर दिया।
शासकीय राशि ट्रांसफर होने के बाद आरोपी मोबाइल बैंकिंग एवं एटीएम के माध्यम से रकम निकालते और उसका उपयोग करते थे। शिकायत एवं जांच शुरू होने की जानकारी मिलने पर कुछ राशि दोबारा खातों में वापस जमा भी की गई।
-दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिसमे
- दीपक कुमार यादव, निवासी जिला दुर्ग
- लिलेश्वर यादव उर्फ रवि, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम अकोला वार्ड क्रमांक-06 उड़िया बस्ती, थाना कुम्हारी, जिला दुर्ग पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक एवं अन्य बैंकिंग दस्तावेज जब्त किए हैं।
-एक्सिस बैंक शाखा गंजपारा सहित कई स्थान जांच के दायरे में
जांच के दौरान जनपद पंचायत धमधा, जनपद पंचायत पाटन तथा एक्सिस बैंक की गंजपारा शाखा से जुड़े दस्तावेजों एवं खातों की भी जांच की गई।
दुर्ग पुलिस ने आमजन एवं शासकीय योजनाओं से जुड़े कर्मचारियों से अपील की है कि किसी भी शासकीय पोर्टल की लॉगिन आईडी, पासवर्ड, बैंकिंग जानकारी या ओटीपी किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा न करें। किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता की जानकारी तत्काल पुलिस अथवा संबंधित विभाग को दें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शासकीय योजनाओं में भ्रष्टाचार एवं धोखाधड़ी करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
थाना धमधा एवं थाना पाटन पुलिस टीम ने शिकायत प्राप्त होते ही त्वरित दस्तावेजी जांच, तकनीकी विश्लेषण, बैंक खातों की जांच तथा ऑनलाइन पोर्टल के परीक्षण के माध्यम से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। पुलिस की इस कार्रवाई को शासकीय योजनाओं में पारदर्शिता बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.