होम / दुर्ग-भिलाई / दुर्ग जिले में बनेगा फिजियोथेरेपी कॉलेज, मंत्री गजेन्द्र यादव ने किया भूमिपूजन
दुर्ग-भिलाई

दुर्ग। दुर्ग जिले के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र को नई दिशा देने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण पहल हुई। कचांदूर स्थित चंदूलाल चंद्राकर शासकीय मेडिकल कॉलेज के पास नवीन फिजियोथेरेपी कॉलेज निर्माण हेतु भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव शामिल हुए और विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किये।
केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि फिजियोथेरेपी चिकित्सा पद्धति आज स्वास्थ्य सेवाओं का अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है। बदलती जीवनशैली, दुर्घटनाओं, खेल संबंधी चोटों, लकवा, कमर एवं जोड़ों के दर्द जैसी समस्याओं के उपचार में फिजियोथेरेपी की भूमिका लगातार बढ़ रही है। दुर्ग जिले में इस कॉलेज की स्थापना से आम नागरिकों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक उपचार सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।
केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि यह संस्थान केवल उपचार केंद्र ही नहीं बल्कि दुर्ग जिले के चिकित्सा शिक्षा और प्रशिक्षण का भी प्रमुख केंद्र बनेगा, जहां विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक तकनीक आधारित प्रशिक्षण तथा बेहतर करियर अवसर प्राप्त होंगे। इससे जिले सहित पूरे संभाग के युवाओं को स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
केबिनेट मंत्री श्री यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और चिकित्सा शिक्षा को सुदृढ़ करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्रदेश के विभिन्न जिले में फिजियोथेरेपी कॉलेज बनाने बजट में स्वीकृति प्रदान किये थे जिसका आज भूमिपूजन किया गया। स्थापना से स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी तथा मरीजों को बिना ऑपरेशन और कम दवाइयों के माध्यम से उपचार की प्रभावी सुविधा मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में यह संस्थान दुर्ग जिले की पहचान बनेगा और बड़ी संख्या में मरीजों को लाभान्वित करेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं मेडिकल कॉलेज स्टॉफ ने भी इस पहल को जिले के लिए ऐतिहासिक कदम बताया। भूमिपूजन अवसर पर विधायक डोमनलाल कोर्सवाड़ा, जिला पंचायत सदस्य जीतेन्द्र यादव, मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकगण, स्टॉफ एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.