होम / दुर्ग-भिलाई / गया नगर में पुराने विवाद ने लिया खूनी रूप, युवक की हत्या; 9 आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग-भिलाई
दुर्ग। शहर के गया नगर क्षेत्र में पुराने विवाद और बहन से छेड़छाड़ की बात को लेकर हुए खूनी संघर्ष में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडे, बल्ला, धारदार हथियार, पत्थर और ईंट भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार घटना रविवार देर रात थाना दुर्ग क्षेत्र अंतर्गत गया नगर में हुई। प्रारंभिक विवाद प्रार्थी पक्ष और आरोपी पक्ष के बीच बहन को छेड़ने की बात को लेकर हुआ था। दोनों पक्षों के बीच पहले से भी विवाद चला आ रहा था। इसी रंजिश के चलते रात करीब 1 बजे आरोपी पक्ष के लोग एकजुट होकर पहुंचे और प्रार्थी पक्ष पर हमला कर दिया।
आरोपियों ने हाथ-मुक्कों के साथ लाठी-डंडे, बल्ला और धारदार हथियार से हमला किया। इस हमले में जितेश उर्फ रितेश ठाकुर (23), राहुल ठाकुर, नवीन ठाकुर और भोला यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जितेश उर्फ रितेश ठाकुर को मृत घोषित कर दिया। वहीं राहुल ठाकुर का उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना दुर्ग पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में आकाश यादव उर्फ अक्कू, विजय सारथी उर्फ बिट्टू, आर्यन गुप्ता, लकी सारथी, भूपेंद्र सारथी उर्फ बनू, ललित यादव, युवराज सारथी, बलराम उर्फ बाली और नागेश यादव उर्फ नग शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडे, धारदार हथियार, पत्थर, ईंट और बल्ला बरामद किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई और विवेचना जारी है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून हाथ में न लें और आपराधिक गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.