होम / दुर्ग-भिलाई / खुर्सीपार क्षेत्र में दुर्ग पुलिस का तड़के सघन चेकिंग अभियान, 7 संदिग्ध बाइक जब्त
दुर्ग-भिलाई

भिलाई। दुर्ग पुलिस द्वारा कानून व्यवस्था मजबूत करने और असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण के उद्देश्य से सोमवार तड़के खुर्सीपार क्षेत्र में विशेष सघन चेकिंग एवं कांबिंग गश्त अभियान चलाया गया। सुबह 4 बजे से 9 बजे तक चले इस अभियान में 100 से अधिक पुलिस बल की तैनाती की गई और विभिन्न संवेदनशील इलाकों में व्यापक जांच कार्रवाई की गई।
अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चन्द्रा एवं नगर पुलिस अधीक्षक छावनी यदुमनी सिदार ने किया। इस दौरान थाना खुर्सीपार, भिलाई-3, जामुल, यातायात पुलिस तथा रक्षित केंद्र दुर्ग के संयुक्त पुलिस बल ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस द्वारा डॉ. राजेंद्र प्रसाद नगर, शिवाजी नगर, अटल आवास देवार बस्ती, मछली मार्केट और ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में करीब 500 मकानों की जांच की गई। वहीं लगभग 200 ट्रेलर एवं ट्रक वाहनों की सघन चेकिंग कर ड्राइवरों और क्लीनरों के लाइसेंस, वाहन दस्तावेज और आधार कार्ड का सत्यापन किया गया।

अभियान के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों की डिक्की चेकिंग, संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी तथा मादक पदार्थों के परिवहन, अवैध गतिविधियों और धारदार हथियार रखने वालों पर विशेष निगरानी रखी गई। कार्रवाई के दौरान 7 संदिग्ध मोटरसाइकिल जब्त की गईं, जबकि 3 संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ के लिए थाना खुर्सीपार लाया गया है। पुलिस उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112 या नजदीकी थाना को दें तथा सुरक्षा संबंधी जांच अभियानों में पुलिस का सहयोग करें। दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.