राजनांदगांव,(मोरज देशमुख)। जिले के सोमनी थाना क्षेत्र अंतर्गत मनगटा वनचेतना केंद्र स्थित एक रिसोर्ट में जन्मदिन पार्टी के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। स्विमिंग पूल में नहा रहे 13 वर्षीय नाबालिग की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, वहीं परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान यासिन खान निवासी रामनगर मोतीपुर के रूप में हुई है। वह अपने दोस्तों के साथ एक जन्मदिन समारोह में शामिल होने रिसोर्ट गया था। देर रात करीब 12 बजे सभी दोस्त स्विमिंग पूल में नहाने उतरे थे। इसी दौरान पूल किनारे लगे शो-लाइट के खुले तार के संपर्क में आने से यासिन को जोरदार करंट लगा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की खबर मिलते ही परिवार और मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे। गुस्साए लोगों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए चक्का जाम कर दिया। सड़क पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
सूचना मिलने पर सोमनी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर स्थिति को संभाला। पुलिस अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम समाप्त कराया गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिसोर्ट प्रबंधन की लापरवाही की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि स्विमिंग पूल में सुरक्षा इंतजामों की कमी और खुले बिजली तार की वजह से यह हादसा हुआ।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। जन्मदिन की खुशियां कुछ ही पलों में मातम में बदल गईं।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.