होम / दुर्ग-भिलाई / 7 मई को ग्राम रोजगार दिवस: चावल महोत्सव, आवास दिवस और जल संरक्षण अभियानों के साथ योजनाओं का महाअभियान
दुर्ग-भिलाई
दुर्ग । जिले की सभी ग्राम पंचायतों में आज ग्राम रोजगार दिवस का आयोजन चावल महोत्सव एवं आवास दिवस के साथ संयुक्त रूप से किया गया। राज्य शासन के निर्देशानुसार आयोजित इस महाअभियान में ग्रामीण विकास, रोजगार, आवास एवं जल संरक्षण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों एवं श्रमिकों को दी गई। कलेक्टर अभिजीत सिंह के मार्गदर्शन में कार्यक्रमों का व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महात्मा गांधी नरेगा एवं प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) से संबंधित लंबित प्रकरणों का ग्राम पंचायत स्तर पर निराकरण किया गया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत बजरंग कुमार दुबे ने बताया कि मनरेगा के तहत मांग आधारित रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। वर्तमान में जिले में प्रतिदिन 37 हजार 146 मजदूर कार्यरत हैं तथा 866 निर्माण कार्य प्रगति पर हैं। इनमें दुर्ग विकासखंड में 9 हजार 884, धमधा में 15 हजार 872 तथा पाटन विकासखंड में 11 हजार 390 मजदूर प्रतिदिन कार्य कर रहे हैं। वर्ष 2025-26 में जिले को 18 लाख 48 हजार 633 मानव दिवस सृजन का लक्ष्य प्राप्त हुआ था, जिसके विरुद्ध 18 लाख 59 हजार 532 मानव दिवस सृजित कर 100.59 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की गई है।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत भी 7 लाख 70 हजार 9 मानव दिवस सृजित किए गए हैं। स्वीकृत आवासों को 90 दिनों के भीतर पूर्ण करने हेतु कार्ययोजना तैयार की जा रही है तथा हितग्राहियों को खातों में अंतरित राशि की जानकारी देकर पारदर्शिता सुनिश्चित की जा रही है। जिले में रोजगार दिवस का व्यापक आयोजन कर हजारों श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराया गया।
जिले में “मोर गांव-मोर पानी” एवं “नवा तरिया-आय के जरिया” अभियान के तहत जल संरक्षण कार्यों को भी गति दी गई है। जिले में अब तक 130 अमृत सरोवर निर्माण कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं, जिनमें धमधा विकासखंड में 50, दुर्ग में 36 एवं पाटन में 37 कार्य शामिल हैं। वहीं “नवा तरिया” के 15 नए निर्माण कार्य प्रस्तावित किए गए हैं। आजीविका डबरी निर्माण के तहत जिले में कुल 30 कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें धमधा में 18, पाटन में 5 एवं दुर्ग में 7 कार्य शामिल हैं।
साथ ही स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को निर्माण सामग्री आपूर्ति एवं अन्य आजीविका गतिविधियों से जोड़ने, प्रधानमंत्री आवासों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग को बढ़ावा देने तथा लंबित जियो-टैगिंग कार्यों को मौके पर पूर्ण करने की कार्रवाई की गई।
ग्राम पंचायत पुरई में सामुदायिक जल संचयन तालाब नवीनीकरण कार्य का अवलोकन किया गया, जहां 168 श्रमिक कार्यरत पाए गए। ग्राम पंचायत धनोरा में तालाब नवीनीकरण कार्य में 135 श्रमिकों को रोजगार मिला, वहीं बिरोदा में पैठु तालाब नवीनीकरण कार्यस्थल पर 186 मजदूर उपस्थित रहे। जनपद पंचायत धमधा के घोटवानी में बावा डबरी गहरीकरण कार्य में 123 तथा दनिया में तालाब नवीनीकरण कार्य में 146 मजदूर कार्यरत रहे।
इसी प्रकार करगाडीह में कच्ची नाली निर्माण कार्य में 101 एवं खमरिया में निकासी भूमि कार्य में 161 मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराया गया। ग्राम पंचायत बसनी में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं रोजगार सहायकों की उपस्थिति में श्रमिकों को रोजगार, मजदूरी भुगतान, जल संरक्षण एवं आवास योजनाओं की जानकारी दी गई। जिला प्रशासन ने इसे ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता एवं जनभागीदारी को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.