
राजनांदगांव (मोरज देशमुख)। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पद्मश्री सम्मानित समाजसेवी फूलबासन बाई यादव के अपहरण की कोशिश की गई। ट्रैफिक पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से यह बड़ी घटना टल गई। पुलिस ने मौके से दो महिलाओं सहित चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, घटना सुकुलदैहान क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि दो महिलाएं स्कॉर्पियो वाहन से फूलबासन बाई यादव के घर पहुंचीं और किसी काम का बहाना बनाकर उन्हें वाहन में बैठा लिया। इसके बाद आरोपियों ने उनका मुंह बांध दिया और नेशनल हाईवे की ओर निकल पड़े।
इसी दौरान ट्रैफिक पुलिस क्षेत्र में वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। पुलिस ने संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन को रोका तो फूलबासन बाई यादव ने इशारों में पुलिसकर्मियों को बताया कि उनका जबरन अपहरण किया जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहन में सवार लोगों को हिरासत में ले लिया।

राजनांदगांव के एडिशनल एसपी कीर्तन राठौर ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे चेकिंग प्वाइंट पर संदिग्ध वाहन गुजरने की सूचना मिली थी। पुलिस ने पीछा कर वाहन को रोका। पूछताछ के दौरान वाहन में मौजूद महिलाओं ने कहा कि फूलबासन बाई यादव को मिर्गी का दौरा पड़ा है, इसलिए उनका मुंह दबाकर रखा गया है। लेकिन फूलबासन बाई यादव ने पुलिस को बताया कि उन्हें जबरदस्ती ले जाया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि खुशबू साहू नामक युवती, जो बेमेतरा जिले के बेरला थाना क्षेत्र के भौरी गांव की रहने वाली है, इस पूरी साजिश की मुख्य आरोपी बताई जा रही है। वह स्कॉर्पियो वाहन लेकर अपने साथियों के साथ आई थी।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों का मकसद क्या था और फूलबासन बाई यादव को कहां ले जाया जा रहा था। मामले की जांच जारी है।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.