होम / दुर्ग-भिलाई / आयुक्त के साथ कर्मचारी संघ की बैठक: विभिन्न मांगों पर हुई विस्तार से चर्चा
दुर्ग-भिलाई
दुर्ग। नगर पालिक निगम दुर्ग में आयुक्त सुमित अग्रवाल के साथ स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ की परामर्शदात्री समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में संघ के अध्यक्ष संजय मिश्रा, महामंत्री अनिल सिंह सहित पदाधिकारियों की उपस्थिति में विभिन्न बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
बैठक में पूर्व में लिए गए निर्णयों के क्रियान्वयन पर जोर देते हुए चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को वर्दी शीघ्र प्रदान करने की मांग रखी गई। साथ ही सभी कर्मचारियों को प्रतिमाह वेतन भुगतान के पश्चात वेतन पत्रक उपलब्ध कराने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।
संघ द्वारा प्लेसमेंट कर्मचारियों एवं कम्प्यूटर ऑपरेटरों की नई भर्ती पर रोक लगाने तथा रिटायर्ड कर्मचारियों की प्लेसमेंट भर्ती पर भी प्रतिबंध लगाने की मांग की गई। इसके अलावा कर्मचारियों के वेतन में कटौती या वेतन रोकने जैसी कार्रवाई को अनुचित बताते हुए इस पर रोक लगाने का आग्रह किया गया।
बैठक में यह भी मांग रखी गई कि भविष्य निधि एवं एन.पी.एस. की राशि प्रतिमाह वेतन के साथ ही नियमित रूप से जमा कराई जाए तथा रिक्त पदों पर शीघ्र पदोन्नति की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए।
जलघर विभाग में कार्यरत कर्मचारियों की कार्य परिस्थितियों पर चिंता व्यक्त करते हुए बताया गया कि कई स्थानों पर कर्मचारियों से लगातार 24 से 48 घंटे तक कार्य लिया जा रहा है, जबकि भोजन एवं विश्राम की समुचित व्यवस्था नहीं है। इस पर रोक लगाने एवं कर्मचारियों के हितों का विशेष ध्यान रखने की मांग की गई।
इसके अतिरिक्त यह भी सुझाव दिया गया कि ड्यूटी आदेश व्हाट्सऐप के माध्यम से अनियमित समय पर जारी करने के बजाय कार्यालयीन समय में जारी किए जाएं तथा विशेष परिस्थितियों में संबंधित कर्मचारियों को फोन के माध्यम से सूचित किया जाए। बैठक में संघ के पदाधिकारी दुर्गेश गुप्ता, शशिकांत यादव, ईश्वर वर्मा, हेमलता वर्मा, योगेंद्र वर्मा, राजू बक्शी, गंगाधर ठाकरे, उमेश यादव सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.