
दुर्ग/भिलाई। इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी के बीच 26 अप्रैल को आयोजित मंडी निरीक्षक परीक्षा के दौरान एक 6 वर्षीय बालक ने अपनी सेवा भावना और संवेदनशीलता से सभी का दिल जीत लिया। ‘गूगल बॉय’ के नाम से प्रसिद्ध नन्हे रुद्र शर्मा ने परीक्षा केंद्र के बाहर परेशान छात्र-छात्राओं और उनके परिजनों की जिस तरह मदद की, वह वास्तव में प्रेरणादायक और सराहनीय है।
परीक्षा के दौरान रुद्र शर्मा ने देखा कि दूर-दराज ग्रामीण क्षेत्रों से आए कई छात्र, छात्राएं और उनके परिजन तेज धूप और गर्मी से बेहद परेशान थे। ऐसे में रुद्र तुरंत ठंडा पानी, शरबत और ORS घोल लेकर परीक्षा केंद्र पहुंचे और सभी को राहत पहुंचाई। उनकी इस छोटी सी लेकिन मानवीय पहल ने वहां मौजूद सभी लोगों को भावुक कर दिया।
इतना ही नहीं, रुद्र ने यह भी देखा कि कुछ छात्र-छात्राएं पहली बार परीक्षा देने आए थे और परीक्षा नियमों के अनुसार सफेद रंग के आधी बांह वाले कपड़े न होने के कारण परीक्षा से वंचित होने की स्थिति में थे। इस पर रुद्र तुरंत अपने घर से सफेद हाफ स्लीव कपड़े लेकर आए और जरूरतमंद छात्रों को उपलब्ध कराया, जिससे वे परीक्षा में शामिल हो सके।
परीक्षा केंद्र के बाहर अपने बच्चों का इंतजार कर रहे ग्रामीण क्षेत्रों से आए परिजन भी तेज धूप में बैठे हुए थे। रुद्र ने उन्हें भी ठंडा पानी और शरबत उपलब्ध कराया। वहीं कुछ बुजुर्गों को अपने घर ले जाकर कूलर में बैठाकर आराम करवाया, जिससे उन्हें गर्मी से राहत मिल सके।
परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्र-छात्राओं और उनके परिजनों ने नम आंखों से रुद्र शर्मा का धन्यवाद किया। इस पर नन्हे रुद्र ने बड़े भावुक शब्दों में कहा, “धन्यवाद मत कहिए, मानव सेवा ही ईश्वर की सेवा है।” साथ ही उन्होंने सभी से यह संकल्प लेने की अपील की कि वे भी जरूरतमंदों की इसी तरह सेवा करेंगे।
महज 6 वर्ष की उम्र में रुद्र शर्मा की दया, सेवा भावना और मानवता के प्रति समर्पण ने समाज को एक नई सीख दी है। उनकी इस पहल की हर ओर सराहना हो रही है और लोग इसे मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बता रहे हैं।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.