होम / दुर्ग-भिलाई / नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर सियासत: विपक्ष पर साधा निशाना, महिलाओं के प्रतिनिधित्व का मुद्दा गरमाया
दुर्ग-भिलाई
दुर्ग। छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष संदीप शर्मा ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। दुर्ग जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि यह अधिनियम महिलाओं को नीति-निर्धारण की प्रक्रिया में सशक्त भागीदारी देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम था, लेकिन विपक्ष के राजनीतिक स्वार्थ के चलते इसे अपेक्षित समर्थन नहीं मिल सका।
संदीप शर्मा ने कहा कि भारत लोकतंत्र की जननी है और देश के पास आधी आबादी—महिलाओं—को निर्णय प्रक्रिया में शामिल करने का एक महत्वपूर्ण अवसर था। उन्होंने इसे “नारी शक्ति के लिए महायज्ञ” बताते हुए कहा कि सभी सांसदों से इस पहल को समर्थन देने की अपील की गई थी, लेकिन विपक्ष ने इसे विफल कर महिलाओं की उम्मीदों को ठेस पहुंचाई।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष, विशेषकर कांग्रेस और इंडी अलायंस, ने अपने राजनीतिक हितों को प्राथमिकता देते हुए महिलाओं के प्रतिनिधित्व को कमजोर किया है। शर्मा ने कहा कि यह मुद्दा राजनीति से ऊपर होना चाहिए था, लेकिन विपक्ष ने तकनीकी बहाने बनाकर इसे रोका और समाज में विभाजन पैदा करने का प्रयास किया।
शर्मा ने यह भी कहा कि पिछले वर्षों में केंद्र सरकार ने महिलाओं के जीवन स्तर को सुधारने के लिए कई योजनाएं लागू कीं, जैसे शौचालय, गैस कनेक्शन, पेयजल और बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार। लेकिन जब संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व देने की बात आई, तो विपक्ष पीछे हट गया।
उन्होंने कांग्रेस पर ऐतिहासिक रूप से महिला-विरोधी रुख अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि पंचायत स्तर पर आरक्षण का श्रेय लेने वाली पार्टियां उच्च स्तर पर महिलाओं की भागीदारी से कतराती रही हैं।
प्रेस वार्ता में महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री शीतल नायक, जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, महापौर अलका बाघमार, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य चंद्रिका चंद्राकर, पदमा देवांगन, जिला महामंत्री विनोद अरोरा, मीडिया प्रभारी राजा महोबिया, महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री कुमुद बघेल और जिला अध्यक्ष तृप्ति चंद्राकर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
शर्मा ने अंत में कहा कि महिलाओं के अधिकार और सम्मान के लिए उनका संकल्प मजबूत है और भविष्य में इस दिशा में प्रयास जारी रहेंगे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.