होम / दुर्ग-भिलाई / जिला अधिवक्ता संघ दुर्ग चुनाव 2026: 4 अप्रैल को मतदान, 17 पदों के लिए 64 प्रत्याशी मैदान में
दुर्ग-भिलाई
दुर्ग। जिला अधिवक्ता संघ दुर्ग के चुनाव 2026 के तहत मतदान 04 अप्रैल 2026, शनिवार को आयोजित किया जाएगा। मतदान सुबह 09 बजे से शाम 05 बजे तक अधिवक्ता कक्ष क्रमांक 04 के पीछे स्थित खाली मैदान में संपन्न होगा।
निर्वाचन समिति द्वारा जारी सूचना के अनुसार सभी मतदाताओं को मतदान के दौरान अपना अधिवक्ता परिचय पत्र साथ रखना अनिवार्य किया गया है। परिचय पत्र के अभाव में मतदाता को मतदान से वंचित किया जा सकता है। इसके अलावा मतदान से पहले सभी मतदाताओं से “वन बार वन वोट” के तहत एक घोषणा पत्र भी भरवाया जाएगा, जिसमें यह उल्लेख करना होगा कि वे केवल जिला अधिवक्ता संघ दुर्ग में ही पंजीकृत हैं और यहीं मतदान कर रहे हैं।
जिन अधिवक्ताओं ने AIB (ऑल इंडिया बार एग्जाम) उत्तीर्ण कर पंजीयन कराया है, उन्हें अपना प्रमाण पत्र भी साथ लाना आवश्यक होगा।
इस चुनाव में कुल 17 पदों के लिए 64 प्रत्याशी मैदान में हैं। अध्यक्ष पद के लिए 8, वरिष्ठ उपाध्यक्ष के लिए 7, कनिष्ठ उपाध्यक्ष (महिला) के लिए 5, सचिव के लिए 3, सहसचिव के लिए 4, सहसचिव (महिला) के लिए 3, कोषाध्यक्ष के लिए 4, ग्रंथालय सचिव के लिए 3, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव (सामान्य) के लिए 2 तथा (महिला) के लिए 3 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।
वहीं कार्यकारिणी सदस्य (सामान्य) के 5 पदों के लिए 18 प्रत्याशी और कार्यकारिणी सदस्य (महिला) के 2 पदों के लिए 4 प्रत्याशी मैदान में हैं। मतदाताओं को सामान्य कार्यकारिणी में अधिकतम 5 और महिला आरक्षित में 2 प्रत्याशियों का ही चयन करना होगा। इससे अधिक चयन करने पर मतपत्र अवैध माना जाएगा।
मतदान प्रक्रिया के तहत प्रत्येक मतदाता को दो अलग-अलग रंग के मतपत्र प्रदान किए जाएंगे। नीले रंग के मतपत्र में प्रमुख पदाधिकारियों के नाम होंगे, जबकि गुलाबी रंग के मतपत्र में कार्यकारिणी सदस्यों के नाम शामिल रहेंगे।
निर्वाचन समिति ने सभी अधिवक्ताओं से अपील की है कि मतदान से पूर्व नियमों की जानकारी लेकर ही मतदान करें, ताकि उनका मत निरस्त न हो और चुनाव प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.