होम / बड़ी ख़बरें / ऊर्जा संकट और खाद समस्या से निपटने गौठानों में गोबर खरीदी शुरू करने की मांग
बड़ी ख़बरें
दुर्ग। जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग ग्रामीण के उपाध्यक्ष विशाल देशमुख ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर प्रदेश में संभावित ऊर्जा संकट और खाद की कमी से निपटने के लिए गौठानों को पुनः सक्रिय करने की मांग की है।
उन्होंने अपने पत्र में कहा है कि पिछले एक माह से मध्य एशिया में जारी युद्ध के कारण भारत को तेल और गैस की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। इसके चलते देश में ऊर्जा संकट की स्थिति बन रही है और आने वाले समय में पेट्रोल, डीजल एवं रसोई गैस की किल्लत होने की आशंका है।
देशमुख ने यह भी उल्लेख किया कि यूरिया खाद के निर्माण के लिए आवश्यक गैस, फास्फेट और पोटाश जैसे कच्चे पदार्थों की आपूर्ति भी मुख्यतः विदेशों से होती है, जिसमें बाधा आने की संभावना है। इससे किसानों को खाद संकट का सामना करना पड़ सकता है।
इस स्थिति को देखते हुए उन्होंने राज्य सरकार से मांग की है कि छत्तीसगढ़ में गौठानों के माध्यम से गोबर खरीदी तत्काल प्रारंभ की जाए। गोबर से कंडे (उपले) बनाकर उज्ज्वला गैस उपभोक्ताओं एवं आम नागरिकों को रियायती दर पर उपलब्ध कराया जा सकता है, जिससे ईंधन की कमी को दूर किया जा सके।
साथ ही, गोबर से वर्मी कम्पोस्ट खाद तैयार कर रासायनिक खाद की कमी की भरपाई करने का भी सुझाव दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गौठानों के रूप में पहले से ही आवश्यक अधोसंरचना मौजूद है, जिसका उपयोग कर यह कार्य शीघ्र शुरू किया जा सकता है।
देशमुख ने सरकार से मांग की है कि शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के गौठानों में तत्काल गोबर खरीदी शुरू कर कंडे एवं जैविक खाद निर्माण का कार्य प्रारंभ किया जाए, ताकि प्रदेश में ऊर्जा और खाद संकट से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.