होम / बड़ी ख़बरें / घनश्याम देवांगन "सामाजिक समरसता राज्य अलंकरण 2026" से हुए सम्मानित
बड़ी ख़बरें

भिलाई। छत्तीसगढ़ सर्व समाज संगठन के तत्वावधान में कला मंदिर, सिविक सेंटर भिलाई में आयोजित गरिमामयी समारोह में बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी समाजसेवी घनश्याम कुमार देवांगन को “सामाजिक समरसता राज्य अलंकरण वर्ष 2026” से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य अतिथियों एवं समाजजनों ने उनके दीर्घकालीन सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणास्पद बताया।
घनश्याम देवांगन विगत लगभग 40 वर्षों से देवांगन समाज के उत्थान एवं संगठनात्मक सुदृढ़ता के लिए निरंतर सक्रिय रहे हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ युवा देवांगन समाज के प्रदेश अध्यक्ष एवं देवांगन जन कल्याण समिति, भिलाई के अध्यक्ष के रूप में समाज में जागरूकता, एकता और सकारात्मक बदलाव लाने हेतु उल्लेखनीय कार्य किए हैं। समाज की आराध्य देवी माता परमेश्वरी एवं समाज के पुरोधाओं के नाम पर प्रतिभाओं, समाजसेवियों एवं दानदाताओं को सम्मानित कर उन्होंने समाज में नई चेतना एवं ऊर्जा का संचार किया है तथा सामाजिक कुरीतियों के निवारण हेतु सक्रिय भूमिका निभाई है। वे एक उत्कृष्ट वक्ता, कुशल मंच संचालक, चिंतक एवं लेखक होने के साथ-साथ प्रगतिशील विचारधारा के सशक्त प्रतिनिधि हैं। वर्ष 1990 के दशक में दुर्ग जिले में संचालित संपूर्ण साक्षरता अभियान एवं कुष्ठ उन्मूलन अभियान में परियोजना संयोजक के रूप में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए तत्कालीन मध्य प्रदेश के राज्यपाल मो. शफी कुरैशी द्वारा उन्हें सम्मानित किया जा चुका है।
इसके अतिरिक्त, बहुआयामी संस्था “सृजन” के संस्थापक अध्यक्ष के रूप में भी उन्होंने सामाजिक, साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक क्षेत्रों में अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। वर्तमान में वे भिलाई वरिष्ठ नागरिक महासंघ के अध्यक्ष, इंडियन इंस्टीट्यूशन ऑफ इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग, भिलाई चैप्टर के वाइस चेयरमैन तथा छत्तीसगढ़ सर्व समाज संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वे भिलाई इस्पात संयंत्र से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं।
अपने समाज के साथ-साथ विभिन्न समुदायों के मध्य सामाजिक समरसता, सौहार्द एवं भाईचारे को सुदृढ़ करने में उनके विशिष्ट योगदान को दृष्टिगत रखते हुए यह सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर दुर्ग ग्रामीण के विधायक ललित चंद्राकर, रिसाली निगम की महापौर शशि सिन्हा, सेफी एवं आफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेन्द्र बंछोर, संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मेघनाथ यादव, महासचिव लखनलाल साहू, कोषाध्यक्ष जीवन सिन्हा आदि सहित अनेक पदाधिकारियों एवं समाजजनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.