होम / बड़ी ख़बरें / एनडीपीएस एक्ट प्रकरणों की विवेचना को सुदृढ़ बनाने दुर्ग में विशेष प्रशिक्षण आयोजित
बड़ी ख़बरें

दुर्ग। नशीले पदार्थों से जुड़े मामलों की जांच को अधिक प्रभावी और विधिसम्मत बनाने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस द्वारा एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण 22 मार्च 2026 को पुरानी पुलिस लाइन स्थित दधीचि प्रशिक्षण हाल में संपन्न हुआ।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में एएसआई से लेकर निरीक्षक स्तर तक कुल 65 विवेचकों ने भाग लिया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य एनडीपीएस एक्ट के प्रकरणों में गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित करना रहा।
प्रशिक्षण के दौरान जप्ती, सैंपलिंग, चेन ऑफ कस्टडी, एफएसएल परीक्षण तथा विधिक प्रावधानों के पालन पर विशेष जोर दिया गया। विवेचकों को प्रारंभिक कार्रवाई से लेकर न्यायालय में चालान प्रस्तुत करने तक की संपूर्ण प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से समझाई गई।
कार्यक्रम में एजीपी प्रकाश शर्मा ने केस स्टडी के माध्यम से विवेचना की गुणवत्ता सुधारने और प्रत्येक चरण में सावधानी बरतने के बारे में विस्तृत मार्गदर्शन दिया। वहीं वरिष्ठ अधिवक्ता विजय कसार ने न्यायालयीन दृष्टिकोण से साक्ष्य संकलन एवं दस्तावेजों की शुद्धता पर जोर दिया।
इसके अलावा वरिष्ठ अधिवक्ता के.के. द्विवेदी ने तकनीकी त्रुटियों से बचते हुए मजबूत केस तैयार करने के कानूनी पहलुओं की जानकारी दी। एफएसएल भिलाई के वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी पंकज ताम्रकार ने सैंपलिंग प्रक्रिया, दस्तावेजीकरण और परीक्षण संबंधी तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मणिशंकर चन्द्रा ने जप्त माल की सुरक्षित अभिरक्षा, चेन ऑफ कस्टडी के संधारण तथा एनडीपीएस एक्ट की धारा 50, 55, 57 एवं 29 के प्रावधानों के पालन पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।
पुलिस अधिकारियों के समन्वय से आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। पुलिस विभाग का मानना है कि इस तरह के प्रशिक्षण से नशीले पदार्थों से जुड़े मामलों में जांच की गुणवत्ता और अभियोजन की मजबूती सुनिश्चित होगी।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.