दुर्ग। जिले में अवैध गतिविधियों पर नकेल कसते हुए दुर्ग पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। थाना जामुल क्षेत्र में संचालित संगठित ऑनलाइन सट्टा गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह के जरिए करोड़ों रुपये के अवैध कारोबार का खुलासा हुआ है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि नालंदा स्कूल के पीछे सुंदर विहार कॉलोनी फेस-2 स्थित एक किराए के मकान में ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी, जहां आरोपी ऑनलाइन सट्टा खिलाते हुए रंगे हाथ पकड़े गए।
जांच में सामने आया कि आरोपी ‘ड्रैगन टाइगर’, ‘अंदर-बाहर’, ‘तीन पत्ती’, टेनिस, फुटबॉल और रूलेट जैसे खेलों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे। गिरोह इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के माध्यम से ग्राहकों को जोड़कर उन्हें आईडी उपलब्ध कराता था और मोबाइल व लैपटॉप के जरिए सट्टा खिलाया जाता था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी विभिन्न सिम कार्ड और म्यूल बैंक खातों का उपयोग कर अवैध लेन-देन को छिपाने का प्रयास करते थे। गिरोह में कार्यों का स्पष्ट विभाजन था और तकनीकी रूप से बाहरी व्यक्तियों द्वारा भी संचालन नियंत्रित किया जा रहा था।

प्रतिदिन लाखों का लेन-देन
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि इस गिरोह के माध्यम से प्रतिदिन 3 लाख से 7 लाख रुपये तक का लेन-देन हो रहा था और कुल मिलाकर करोड़ों रुपये का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा था।
जप्त सामग्री..
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से ₹1,00,000 नगद, 16 मोबाइल फोन, 1 लैपटॉप, 7 बैंक पासबुक, 15 एटीएम कार्ड, वाई-फाई उपकरण, लेन-देन रजिस्टर एवं एक पासपोर्ट जप्त किया है।
गिरफ्तार आरोपी..
पुलिस ने इस मामले में पोषण निषाद, योगेश कुमार विश्वकर्मा, गौरव तिवारी, संजय कुमार जायसवाल, चुनेश निषाद, विक्रम सिंह उर्फ विक्की और उदल हमणे को गिरफ्तार किया है।
कानूनी कार्रवाई..
प्रकरण में अपराध क्रमांक 185/2026 के तहत धारा 318(4) BNS एवं छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6, 7, 8 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
पुलिस की अपील..
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे ऑनलाइन सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों से दूर रहें और ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरी कार्रवाई में थाना जामुल पुलिस टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने तकनीकी विश्लेषण और त्वरित कार्रवाई के जरिए इस संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.