होम / बड़ी ख़बरें / श्री सत्तीचौरा माँ दुर्गा मंदिर में 16वाँ वार्षिकोत्सव एवं चैत्र नवरात्र पर्व का भव्य शुभारंभ
बड़ी ख़बरें

दुर्ग। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर शहर सहित अंचल के देवी मंदिरों में भक्तिभाव का माहौल देखने को मिल रहा है। सुबह से ही मंदिरों में दर्शनार्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी। शुभ मुहूर्त में घटस्थापना एवं ज्योति कलश प्रज्ज्वलित कर नवरात्र पर्व का विधिवत शुभारंभ किया गया। देर रात तक मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही और पूरा शहर मां दुर्गा की भक्ति में सराबोर नजर आया।
दुर्ग शहर के प्रसिद्ध श्री सत्तीचौरा माँ दुर्गा मंदिर में इस वर्ष चैत्र नवरात्रि के साथ मंदिर का 16वां वार्षिकोत्सव भी बड़े धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। श्रद्धालुओं ने अपने-अपने आराध्य के चरणों में मत्था टेककर सुख-समृद्धि की कामना की।
समिति के राहुल शर्मा ने बताया कि चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के दिन गुरुवार सुबह शुभ मुहूर्त में घटस्थापना एवं ज्योति कलश प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इसके पश्चात सुबह 9 बजे माता जी का अभिषेक किया गया। दोपहर 12 बजे 108 कन्या माताओं का पूजन एवं कन्या भोज का आयोजन किया गया, जिसमें सभी कन्याओं को उपहार भेंट किए गए।
मंदिर परिसर में नवरात्रि के मद्देनजर विशेष तैयारियां की गई हैं। पखवाड़े भर से रंग-रोगन, साफ-सफाई और सजावट का कार्य किया जा रहा था। इस अवसर पर आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था जय दुर्गा लाइट, दुर्ग द्वारा की गई है, वहीं कोलकाता के प्रसिद्ध फूल सजावट कलाकार आकाश द्वारा भव्य पुष्प सज्जा की गई है। टेंट व्यवस्था चक्रधारी टेंट हाउस द्वारा की गई है।
समिति के अनुसार, नवरात्रि के नौ दिनों तक मंदिर में विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे और माता रानी का प्रतिदिन अलग-अलग आकर्षक श्रृंगार किया जाएगा।
चैत्र नवरात्रि के इन नौ दिनों में माता दुर्गा के नौ स्वरूप—शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कुष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि और महागौरी—की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर समिति द्वारा व्यवस्थाओं को सुचारू रखा गया है, जिससे भक्तजन सहजता से दर्शन कर सकें।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.