होम / दुर्ग-भिलाई / नौकरी दिलाने के नाम पर 10 लाख की ठगी, महिला आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग-भिलाई
भिलाई/दुर्ग। नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में पदमनाभपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला ने छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी (CSPDCL) में सहायक अभियंता (AE) पद पर फर्जी नियुक्ति का लालच देकर प्रार्थिया से 10 लाख रुपये ऐंठ लिए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सेक्टर-07 भिलाई निवासी 29 वर्षीय प्रार्थिया पायल ने थाना पदमनाभपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 2 अगस्त 2023 को महाराजा चौक स्थित एक दुकान में उसकी मुलाकात प्रिया देशमुख से हुई। आरोपी महिला ने CSPDCL में सब इंजीनियर/AE पद पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाते हुए कुल 20 लाख रुपये की मांग की, जिसमें से 10 लाख रुपये अग्रिम रूप से ले लिए गए।
आरोपी ने प्रार्थिया को अपने सहयोगी रजत गुप्ता से भी मिलवाया, जिसने स्वयं को मंत्रालय में पदस्थ बताकर नौकरी पक्की कराने का भरोसा दिया। इसके बाद नवंबर 2023 में रायपुर सर्किट हाउस में प्रार्थिया को AE पद का फर्जी ज्वाइनिंग लेटर थमा दिया गया।
शिकायत के आधार पर पदमनाभपुर थाना पुलिस ने धारा 420, 467, 468 और 120(बी) भादवि के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी प्रिया देशमुख को चिन्हित कर 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। मामले में अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे मांगने वाले व्यक्तियों से सतर्क रहें। किसी भी प्रकार का लेन-देन करने से पहले पूरी तरह सत्यापन करें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.