होम / बड़ी ख़बरें / प्रतिबंधित हथियार की ऑनलाइन डिलीवरी मामले में मिशो के दो कर्मचारी गिरफ्तार
बड़ी ख़बरें
दुर्ग। हत्या के प्रयास के एक मामले की जांच के दौरान ऑनलाइन माध्यम से प्रतिबंधित धारदार हथियार की डिलीवरी का खुलासा होने पर पुलिस ने ई-कॉमर्स कंपनी Meesho से जुड़े दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 फरवरी 2026 को प्रार्थिया सुमन मारकण्डे (33 वर्ष) निवासी बोरसी, थाना पद्मनाभपुर, जिला दुर्ग ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 15 फरवरी 2026 की रात लगभग 9:45 बजे आरोपी प्रकाश यादव ने पुरानी रंजिश के चलते उनके पति शिवनंदन मारकण्डे पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
रिपोर्ट के आधार पर थाना पद्मनाभपुर में अपराध क्रमांक 115/2026 धारा 109 BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। इस मामले में मुख्य आरोपी प्रकाश यादव को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा जा चुका है।
ऑनलाइन ऑर्डर से हथियार मंगाने का खुलासा
प्रकरण की विवेचना के दौरान आरोपी के मेमोरेण्डम कथन और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर यह तथ्य सामने आया कि घटना में प्रयुक्त प्रतिबंधित धारदार हथियार को 14 सितंबर 2025 को ऑनलाइन ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से ऑर्डर कर डिलीवर किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने मिशो कंपनी के एरिया मैनेजर लोकोप्रियो बानिक और डिलीवरी से संबंधित विवेक वर्मा उर्फ विकु (विके लॉजिस्टिक) को धारा 94 व 179 BNSS के तहत नोटिस जारी कर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों आरोपियों द्वारा प्रतिबंधित हथियार की आपूर्ति से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया।
आर्म्स एक्ट के उल्लंघन में गिरफ्तारी
जांच में पाया गया कि ई-कॉमर्स माध्यम से प्रतिबंधित धारदार हथियार की आपूर्ति आर्म्स एक्ट की धारा 25(1)(क), 27(3) तथा धारा 5 और 7 का उल्लंघन है। इसके आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया।
आरोपी
1. लोकोप्रियो बानिक (26 वर्ष) – निवासी मदनमोहन रोड, बनमाली करमगंज, असम (एरिया मैनेजर, मिशो कंपनी)
2. विवेक वर्मा उर्फ विकु (26 वर्ष) – निवासी शंकर नगर वार्ड क्रमांक 09, मुक्तिधाम के पास, थाना मोहन नगर, दुर्ग (डिलीवरी मैनेजर)
जप्त सामग्री
घटना से संबंधित डिजिटल साक्ष्य
ऑनलाइन ऑर्डर से जुड़े दस्तावेज
पुलिस की अपील ..
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन माध्यम से किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित या अवैध वस्तु की खरीद-फरोख्त न करें। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.