होम / दुर्ग-भिलाई / होली पर्व को शांतिपूर्ण संपन्न कराने पुलिस प्रशासन अलर्ट, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने ली अधिकारियों की समीक्षा बैठक
दुर्ग-भिलाई
दुर्ग। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार 26 फरवरी 2026 को प्रातः 10 बजे पुलिस कंट्रोल रूम, सेक्टर-06 भिलाई में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल द्वारा जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना/चौकी प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली गई।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट एवं सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा कि होली के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। प्रत्येक थाना क्षेत्र में शांति समिति की बैठक आयोजित कर आम नागरिकों को आवश्यक समझाइश देने के निर्देश दिए गए। पूर्व वर्षों में होली के दौरान घटित घटनाओं के आधार पर चिन्हित स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।
संवेदनशील क्षेत्रों, बस्तियों, पॉश कॉलोनियों, भीड़-भाड़ वाले बाजारों एवं प्रमुख मार्गों पर फिक्स पिकेट स्थापित करने के साथ-साथ पैदल पेट्रोलिंग एवं बाइक पेट्रोलिंग की विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। दोपहिया वाहन में तीन सवारी, स्टंटबाजी, हुड़दंग, नशे की हालत में वाहन चलाने तथा अशांति फैलाने वालों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट एवं अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके अलावा क्षेत्र के गुण्डा बदमाशों, निगरानीशुदा अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखते हुए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने लंबित अपराध, चालान, मर्ग एवं शिकायतों के त्वरित निराकरण पर भी विशेष जोर दिया, ताकि जिले में कानून व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ बनी रहे।
सराहनीय सहभागिता ..
बैठक के समन्वय एवं सुरक्षा व्यवस्था की रूपरेखा तैयार करने में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) ऋचा मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (आईयूसीएडब्ल्यू) ममता देवांगन सहित समस्त राजपत्रित अधिकारी, रक्षित निरीक्षक दुर्ग एवं सभी थाना/चौकी प्रभारियों की सक्रिय सहभागिता रही।
दुर्ग पुलिस की अपील ..
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि होली पर्व को शांति, सौहार्द एवं भाईचारे के साथ मनाएं। कानून व्यवस्था भंग करने या किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने का आग्रह किया गया है।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.