दुर्ग। राष्ट्रीय सर्व ब्राह्मण समाज के तत्वावधान में सतनाम भवन, सिविल लाइन दुर्ग में प्रदेश स्तरीय प्रादेशिक सम्मेलन, सम्मान समारोह एवं युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन भव्य एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। इस आयोजन में छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों से ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
सम्मेलन में कान्यकुब्ज, सनाढ्य, सरयू पारीण, ब्रह्म भाट, बंगाली, तेलुगु, आंध्र, तमिल, केरल, गुजराती, महाराष्ट्रीय, बुंदेलखंड, पंजाबी, नर्मदांचलिक, उत्कल, उत्तरांचल, बिहार, उत्तरप्रदेश सहित विभिन्न भाषा-भाषी ब्राह्मण समाजों की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम में युवक-युवती परिचय सम्मेलन के अंतर्गत प्रतिभागियों ने अपने माता-पिता के साथ मंच पर आकर परिचय दिया। इस अवसर पर 347 परिवारों ने पंजीयन कराया, वहीं 13 युवक-युवतियों के विवाह हेतु पारिवारिक सहमति बनी, जिसे समाज के लिए सकारात्मक उपलब्धि माना गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय अध्यक्ष ललित मिश्रा, प्रभुनाथ मिश्रा एवं राष्ट्रीय महासचिव शशिकांत तिवारी द्वारा भगवान श्री परशुराम जी की प्रतिमा पर पुष्पार्पण, दीप प्रज्वलन एवं पूजा-अर्चना से किया गया। यह आयोजन लगातार 8 वर्षों से आयोजित किया जा रहा है।

मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पाण्डेय, राकेश पाण्डेय (खादी ग्रामोद्योग विभाग, कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त), श्रीमती वर्णिका शर्मा (अध्यक्ष, बाल संरक्षण आयोग छत्तीसगढ़), श्रीमती विभा अवस्थी (प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा महिला मोर्चा), अरुण वोरा (पूर्व विधायक) सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पाण्डेय ने कहा कि ब्राह्मण समाज सदैव ज्ञान, शिक्षा और सामाजिक समरसता का वाहक रहा है। उन्होंने समाज से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ललित मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रीय सर्व ब्राह्मण समाज प्रदेश भर में संगठन को सशक्त करने के लिए रोडमैप पर कार्य कर रहा है। महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने हेतु भी वर्ष भर अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
राकेश पाण्डेय ने युवक-युवती परिचय सम्मेलन को समाज के लिए अत्यंत उपयोगी पहल बताते हुए कहा कि इससे योग्य युवक-युवतियों को एक सशक्त मंच मिल रहा है और यह सामाजिक समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है।
श्रीमती वर्णिका शर्मा ने छत्तीसगढ़ी भाषा में संबोधन देते हुए समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने का संदेश दिया तथा छत्तीसगढ़ महतारी पर गीत प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम को श्रीमती विभा अवस्थी एवं श्री अरुण वोरा ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम संयोजक एवं राष्ट्रीय महासचिव श्री शशिकांत तिवारी ने घोषणा की कि मार्च माह से प्रदेशभर में गौ माता को राष्ट्र माता घोषित किए जाने के लिए अभियान चलाया जाएगा और जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए समाज के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया।
नारी शक्ति सम्मान – विभा अवस्थी, वर्णिका शर्मा, नविता शर्मा, सुमन पाण्डेय, प्रीति अजय बेहरा, मंजरी दुबे
श्रेष्ठ ब्रह्म सम्मान – सुमित शर्मा, राकेश शुक्ला
ब्रह्म सम्मान – दिनेश वाजपेई, प्रो. संयुक्ता पाढ़ी
कलमबीर सम्मान – अरुण मिश्रा, संगीता मिश्रा, संतोष मिश्रा, युवराज पाण्डेय, संजय पाठक, विजय दुबे, अखिलेश तिवारी सहित अनेक
समाजसेवी सभी भाषा-भाषी ब्राह्मण समाजों के प्रतिनिधियों को पुष्पगुच्छ, प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय महासचिव शशिकांत तिवारी का अतिथियों द्वारा पगड़ी पहनाकर विशेष सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का संचालन शिवाकांत तिवारी ने किया। समापन अवसर पर वसंत पंचमी के पावन अवसर पर अतिथियों एवं उपस्थितजनों ने फूलों की होली खेलकर वसंतोत्सव की शुभकामनाएं दीं। अंत में प्रदेश सचिव राकेश शुक्ला ने आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में प्रदेश एवं देशभर से बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.