दुर्ग। जिला दुर्ग अंतर्गत जनपद पंचायत पाटन की सभी ग्राम पंचायतों में स्थित अमृत सरोवर तटों पर 77 वाँ गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर अमृत सरोवर स्थलों पर भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहाँ राष्ट्रध्वज फहराकर देश की एकता, अखंडता एवं संविधान के प्रति श्रद्धा व्यक्त की गई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों द्वारा स्वच्छता, साफ-सफाई एवं जल संरक्षण को लेकर सामूहिक शपथ ली गई। सभी ने अपने ग्राम तथा आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने एवं जल स्रोतों के संरक्षण हेतु निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर “विकसित भारत जी राम जी योजना” के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं उनके उद्देश्यों की जानकारी उपस्थित जनसमूह को दी गई। वक्ताओं द्वारा बताया गया कि यह योजना ग्रामीण विकास, स्वच्छता, जल संरक्षण एवं आजीविका संवर्धन के माध्यम से देश को विकसित भारत की दिशा में अग्रसर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
ग्राम पंचायत छाटा के अमृत सरोवर (नया तालाब) में आयोजित कार्यक्रम में सरपंच कमलेश चेलक, उपसरपंच श्रीमती उमा चेलक, रोजगार सहायक राजेन्द्र, पंचगण, बिहान समूह की महिलाएँ एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
इसी प्रकार ग्राम पंचायत भनसूली के अमृत सरोवर तालाब में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सरपंच श्रीमती भगवती मुकेश साहू, उपसरपंच पढ़ाम्भूषण साहू सहित समस्त पंचगण उपस्थित रहे।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दुर्ग बजरंग कुमार दुबे ने बताया कि राज्य शासन से प्राप्त निर्देशानुसार जिले के 123 अमृत सरोवर स्थलों पर विशेष रूप से ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों अथवा उनके परिजनों, स्वतंत्रता के पश्चात शहीद हुए व्यक्तियों के परिजनों एवं स्थानीय पद्म पुरस्कार विजेताओं का सम्मान किया गया।

गणतंत्र दिवस 2026 को यादगार बनाया गया जिसमें निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, पंच-सरपंचों, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, युवाओं एवं स्कूली विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। अमृत सरोवरों के ऐतिहासिक महत्व को उजागर करने के लिए प्रभात फेरी निकाली गई तथा स्थलों पर सेल्फी प्वाइंट का निर्माण किया गया।
इसके साथ ही ग्रामीणों एवं स्थानीय श्रमिकों को जल संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन विषय पर जागरूक किया गया । स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण पर निबंध एवं कविता प्रतियोगिताएँ, चित्रकला प्रतियोगिता, स्वच्छता अभियान तथा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए गए।
जनपद पंचायत पाटन द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम न केवल गणतंत्र दिवस के उत्सव का प्रतीक बना, बल्कि स्वच्छता, जल संरक्षण एवं जनजागरूकता का सशक्त संदेश भी जन-जन तक पहुँचाने में सफल रहा।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.