दुर्ग। भारत के 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर आज जिला न्यायालय परिसर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय, दुर्ग में गरिमामय वातावरण में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, दुर्ग द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया गया। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान “जन गण मन” एवं “वंदे मातरम्” का सामूहिक गायन हुआ, जिससे संपूर्ण परिसर देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो गया।
इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने अपने उद्बोधन में भारतीय संविधान के मूल्यों—न्याय, स्वतंत्रता, समानता, बंधुत्व, राष्ट्रप्रेम, सद्भाव एवं संस्कृति—पर प्रकाश डालते हुए संविधान निर्माताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने न्यायिक व्यवस्था की भूमिका पर बल देते हुए संविधान की मर्यादा एवं कानून के शासन को सुदृढ़ बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान स्पोर्ट्स मीट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले न्यायिक अधिकारियों एवं न्यायालयीन कर्मचारियों को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि खेलकूद गतिविधियाँ शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक संतुलन, टीम-स्पिरिट एवं अनुशासन को बढ़ावा देती हैं, जो न्यायिक कार्य के प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक हैं।
उल्लेखनीय है कि यह स्पोर्ट्स मीट न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों में स्वस्थ जीवनशैली, आपसी सौहार्द एवं कार्यक्षमता में वृद्धि के उद्देश्य से आयोजित किया गया था, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दुर्ग द्वारा निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, मध्यस्थता एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुँचाने के संकल्प को दोहराया गया।
कार्यक्रम में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीशगण, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव, समस्त न्यायिक मजिस्ट्रेटगण, अधिवक्ता संघ के पदाधिकारीगण, न्यायालयीन कर्मचारीगण, पैरा लीगल वॉलंटियर्स (PLVs) सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसके पश्चात न्यायाधीशगण एवं अधिवक्ताओं के मध्य क्रिकेट सद्भावना मैच का आयोजन किया गया। रोमांचक मुकाबले में न्यायाधीशगण की टीम ने विजय प्राप्त की। मैच का मुख्य उद्देश्य न्यायपालिका एवं अधिवक्ता समुदाय के मध्य आपसी सौहार्द, सहयोग एवं स्वस्थ कार्य वातावरण को सुदृढ़ करना रहा, जिसे दोनों टीमों ने उत्कृष्ट खेल भावना के साथ सार्थक किया।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.