दुर्ग। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं देश की आज़ादी के महानायक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा छत्तीसगढ़ के आह्वान पर दुर्ग जिला भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा दुर्ग स्थित शहीद चौक में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं नमन कर कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन पराक्रम दिवस के रूप में मनाया गया।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का नेतृत्व युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष हिमांशु सिंह ने किया।
इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने कहा कि 23 जनवरी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जन्मतिथि है, जिसे भारत सरकार द्वारा वर्ष 2021 से ‘पराक्रम दिवस’ के रूप में मनाने की घोषणा की गई। इस दिवस का उद्देश्य देश को यह स्मरण कराना है कि आज़ादी याचना से नहीं, बल्कि पराक्रम से मिली है और संकट के समय नेतृत्व साहस मांगता है, समझौता नहीं।
उन्होंने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस का जन्म 23 जनवरी 1897 को कटक में हुआ था। वे ‘तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आज़ादी दूंगा’ जैसे ओजस्वी नारे देने वाले महान क्रांतिकारी थे। ‘आजाद हिंद फौज’ का गठन कर उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी। ‘जय हिंद’ और ‘दिल्ली चलो’ जैसे नारों से उन्होंने लाखों युवाओं को प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि आज उनकी जयंती पर संपूर्ण दुर्ग जिला भाजपा परिवार की ओर से उन्हें कोटि-कोटि नमन है।
युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष हिमांशु सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में नेताजी का योगदान अतुलनीय है। वे साहसी, दृढ़निश्चयी और राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत नेता थे। श्रीमद्भगवद्गीता से प्रेरित होकर उन्होंने स्वतंत्रता, समानता और राष्ट्रभक्ति के लिए जीवन समर्पित कर दिया।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि नेताजी द्वारा बताए गए मार्ग को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान दें।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जिला उपाध्यक्ष शिवेंद्र परिहार, राजीव पांडेय, पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला अध्यक्ष तेखन सिन्हा, मंडल भाजपा अध्यक्ष बंटी चौहान, युवा मोर्चा जिला महामंत्री अनिकेत यादव, आईटी सेल जिला संयोजक जितेंद्र सिंह राजपूत, मंडल भाजपा महामंत्री वीरेंद्र तन्ना, सुरेश दीक्षित, सुमन वर्मा, पार्षद मनोज सोनी, सहित बड़ी संख्या में भाजयुमो एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.