दुर्ग। दुर्ग पुलिस द्वारा सायबर फ्रॉड, म्यूल अकाउंट होल्डर्स एवं सप्लायर्स के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में म्यूल अकाउंट गैंग से जुड़े एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिली है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना पदमनाभपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 566/25 के तहत पहले ही पांच आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी थी। प्रकरण में फरार आरोपी विशाल मसीह (उम्र 27 वर्ष), निवासी सेक्टर-6 भिलाई नगर को 12 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
मामले का संक्षिप्त विवरण
दिनांक 30 दिसंबर 2025 को थाना पदमनाभपुर में एक मोबाइल दुकान संचालक द्वारा लिखित आवेदन प्रस्तुत किया गया था। आवेदन में बताया गया कि उसकी दुकान में कार्यरत अमित मिश्रा के माध्यम से लोकेश जाधव उर्फ लक्की से परिचय हुआ। कुछ समय बाद लोकेश जाधव ने विदेश से पैसा आने की बात कहकर बैंक अकाउंट उपलब्ध कराने के बदले 20 हजार रुपये का प्रलोभन दिया। प्रलोभन में आकर प्रार्थी ने अपने एक्सिस बैंक महाराजा चौक एवं आईडीबीआई बैंक कुम्हारी शाखा के खाते आरोपी को सौंप दिए। बाद में खाता फ्रीज होने पर प्रार्थी को संदेह हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस कार्रवाई
एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी लोकेश जाधव को दुर्ग बस स्टैंड से गिरफ्तार किया, जब वह बस से कल्याण (महाराष्ट्र) भागने की फिराक में था। उसके कब्जे से 33 एटीएम/क्रेडिट कार्ड, 15 चेकबुक, 9 पासबुक और 12 सिम कार्ड बरामद किए गए। पूछताछ में उसने अपने भाई टवन कुमार जाधव के साथ मिलकर म्यूल अकाउंट सप्लाई का काम करना स्वीकार किया।
इसके बाद पुलिस ने प्रगति मैदान बोरसी स्थित टवन कुमार जाधव के घर दबिश देकर 28 एटीएम/क्रेडिट कार्ड, 8 चेकबुक, 8 पासबुक और 4 सिम कार्ड जब्त किए। विवेचना के दौरान विनय सिंह सेंगर, राजू गायकवाड़ और अमित मिश्रा को भी गिरफ्तार किया गया।
अब तक आरोपियों के कब्जे से कुल 78 एटीएम/क्रेडिट कार्ड, 21 चेकबुक, 18 पासबुक एवं 16 विभिन्न कंपनियों के सिम कार्ड जब्त किए जा चुके हैं।
कानूनी कार्रवाई
सभी आरोपियों के विरुद्ध थाना पदमनाभपुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(4), 319(2), 61, 42(2), 42(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पहले गिरफ्तार पांच आरोपियों के बाद अब फरार आरोपी विशाल मसीह की गिरफ्तारी के साथ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के प्रलोभन में आकर अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड या सिम कार्ड किसी अन्य को न दें, अन्यथा गंभीर कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.