-राज्यपाल रमेन डेका ने किया उद्घाटन, युवाओं से राष्ट्र निर्माण में योगदान का आह्वान
बालोद। जिला मुख्यालय बालोद के समीपस्थ ग्राम दुधली में आयोजित प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी का आज भव्य शुभारंभ राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव,भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जैन, मुख्य राज्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा, राष्ट्रीय व राज्य स्तर के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में देश के विभिन्न राज्यों से आए रोवर-रेंजर उपस्थित रहे। देश की पहली राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी : ऐतिहासिक अवसर ..
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि देश में पहली बार आयोजित हो रही यह राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी पूरे राष्ट्र के लिए गौरव का विषय है। देश के कोने-कोने से आए लगभग 10 हजार से अधिक रोवर-रेंजरों की सहभागिता इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाती है।

प्रधानमंत्री के ‘एक भारत–श्रेष्ठ भारत’ की भावना को साकार करता आयोजन ..
वक्ताओं ने कहा कि यह जंबूरी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक भारत–श्रेष्ठ भारत’ और ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करती है। स्काउट-गाइड आंदोलन युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भाव और सांस्कृतिक एकता विकसित करता है, जो जीवन भर उनकी पहचान बनती है।
युवाओं में नेतृत्व, अनुशासन और सेवा का संस्कार ..
राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि स्काउट-गाइड आंदोलन युवाओं को नेतृत्व कौशल, अनुशासन और सफलता के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे समाज के लिए कम से कम एक सकारात्मक कार्य अवश्य करें और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव का उद्बोधन ..
प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने अपने संबोधन में कहा कि स्काउट-गाइड आंदोलन युवाओं को जीवन मूल्यों, अनुशासन और सामाजिक दायित्वों से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि रोवर-रेंजर देश के वे युवा हैं, जो समाज, राष्ट्र और विश्व के लिए कुछ अच्छा करने का जज्बा रखते हैं।
श्री यादव ने कहा कि यह जंबूरी युवाओं को नेतृत्व, सेवा भावना और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए इस आयोजन को छत्तीसगढ़ और देश के युवाओं के लिए सौभाग्यपूर्ण अवसर बताया।

राष्ट्रीय योजनाओं और सामाजिक सरोकारों से जुड़ाव ..
वक्ताओं ने कहा कि रोवर-रेंजर आंदोलन स्किल इंडिया, बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, नारी सशक्तिकरण, नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता अभियान जैसी राष्ट्रीय योजनाओं से युवाओं को जोड़ता है।
यह मंच युवाओं को यह सोचने का अवसर देता है कि वे देश, समाज और विश्व के लिए क्या योगदान दे सकते हैं।
छत्तीसगढ़ के स्वर्णिम अध्याय में एक और उपलब्धि ..
मुख्य राज्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा ने कहा कि यह आयोजन छत्तीसगढ़ के स्वर्णिम अध्याय में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने जंबूरी आयोजन समिति, राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जैन, राज्यपाल तथा सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
वक्ताओं ने बताया कि इस राष्ट्रीय जंबूरी को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पूर्ण समर्थन प्राप्त है, जिससे यह आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर सफल और प्रभावी बन रहा है।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.