दुर्ग। नेहरू नगर चौक पर लगातार लगने वाले जाम की समस्या को लेकर नेहरू नगर वासियों ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) से मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की। नागरिकों ने बताया कि व्यस्त समय में नेहरू नगर चौक एवं गुरुद्वारा तिराहा क्षेत्र में यातायात का अत्यधिक दबाव रहता है, जिससे आमजन को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है।
नागरिकों ने पूर्व में नेहरू नगर और सेक्टर क्षेत्र को जोड़ने के लिए बनाए गए ओवरब्रिज की डिजाइन को गलत बताते हुए कहा कि ओवरब्रिज का अपेक्षित उपयोग नहीं हो पा रहा है, जबकि अधिकांश वाहन चौक से होकर ही गुजरते हैं। इसके साथ ही गुरुद्वारा तिराहा और नेहरू नगर चौक के बीच मात्र 300 मीटर की दूरी में दो सिग्नल होना भी जाम का प्रमुख कारण बताया गया।
चर्चा के दौरान समिति के सदस्यों ने सुझाव दिया कि नेहरू नगर चौक के वर्तमान सिग्नल को बंद कर कोसानाला के पास नया सिग्नल स्थापित किया जाए, जिससे यातायात का दबाव कम होगा और जाम की समस्या का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा। वहीं गुरुद्वारा तिराहा की ओर पूर्व में बंद किए गए मार्ग को खोलने के विषय में यातायात पुलिस द्वारा बताया गया कि उस मार्ग के खुलने से दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ गई थी और वह स्थान ब्लैक स्पॉट बन गया था, इसी कारण सुरक्षा की दृष्टि से मार्ग को बंद किया गया है।
यातायात पुलिस दुर्ग ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए संबंधित विभागों से समन्वय कर आवश्यक परीक्षण एवं कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों द्वारा दिए गए सुझावों पर चर्चा कर नेहरू नगर चौक के स्थान पर कोसानाला के पास नया चौक एवं सिग्नल स्थापित करने की संभावनाओं पर भी विचार किया जाएगा, ताकि यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सके और आमजन को राहत मिल सके।
इस चर्चा में एसोसिएशन की ओर से उपाध्यक्ष बसंत चौबे, महासचिव देविंदर सिंह भाटिया, सह-सचिव सतीश अग्रवाल, प्रवीण अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य दिनेश सिंघल, यतींद्र पुरंग, आर.सी. सिंह एवं अरुण उपस्थित रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.