-प्रसिद्ध पंडवानी गायिका प्रभा यादव को भरत मुनि सम्मान से सम्मानित किया जाएगा
-ठाणे मुंबई महाराष्ट्र में प्रसिद्ध पंडवानी गायिका प्रभा यादव को मिलेगा यह सम्मान
रायपुर। कला एवं साहित्य की अखिल भारतीय संस्था संस्कार भारती ने अखिल भारतीय "भरतमुनि सम्मान 2025" लोक कला एवं दृश्यकला के कला विद्वानों को देने की घोषणा की। लोक कला के अंतर्गत छत्तीसगढ़ की वेदमती शैली की प्रमुख पंडवानी गायिका प्रभा यादव को सम्मानित किया जाएगा एवं दृश्य कला के अंतर्गत पुणे, महाराष्ट्र के चित्रकार चिंतामणि हसबनीस को उनकी कला साधना और अपने कार्यक्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए 01 फरवरी 2026 को ठाणे (महाराष्ट्र) में एक भव्य समारोह में अखिल भारतीय "भरतमुनि सम्मान 2025" से अलंकृत किया जाएगा।
इन दोनों नामों की घोषणा करते हुए संस्कार भारती के अखिल भारतीय महामंत्री अश्विन दलवी ने कहा कि संस्कार भारती द्वारा दिया जाने वाला यह अखिल भारतीय "भरतमुनि सम्मान" भारत में पंचम वेद के नाम से विख्यात नाट्य शास्त्र के रचयिता महर्षि भरतमुनि को समर्पित है। ऐसे विशिष्ट कला साधकों को सम्मानित करते हुए हम गौरवान्वित हैं तथा इनकी समाजोन्मुखी कला साधना से अभिभूत भी है। इस पुरस्कार के लिए इन कलाकारों का चयन विशेषज्ञों की एक समिति द्वारा किया गया। उन्होंने बताया कि प्रसिद्ध शास्त्रीय नृत्यांगना व पूर्व राज्यसभा सदस्य विदुषी सोनल मानसिंह (पद्म विभूषण) द्वारा तथा संस्कार भारती के अखिल भारतीय अध्यक्ष वायलिन वादक डॉ. मैसूर मंजूनाथ की उपस्थिति में यह सम्मान 01 फरवरी 2026 को गडकरी रंगायतन, ठाणे, महाराष्ट्र में आयोजित समारोह में दिया जाएगा।
इसमें सम्मान स्वरूप एक स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र एवं रुपए 1,51,000 की राशि भेंट कीजाएगी। उल्लेखनीय है कला जगत का यह सम्मान प्रतिवर्ष दो कला विधाओं में दिया जाता है।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.