दुर्ग। थाना रानीतराई क्षेत्र के साप्ताहिक बाजार में नकली नोट चलाने का मामला सामने आने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अरूण कुमार तुरंग एवं उसकी पत्नी राखी तुरंग को हिरासत में लिया है। आरोपियों के कब्जे से 500, 200 एवं 100 रुपये के कुल 1,70,500 रुपये के नकली नोट, कलर फोटो कॉपी प्रिंटर एवं पेपर बरामद किए गए हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 29 दिसंबर 2025 को रानीतराई साप्ताहिक बाजार में नकली नोट चलने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जांच के दौरान प्रार्थी तुलेश्वर सोनकर (40 वर्ष), निवासी ग्राम सिलपट, थाना भखारा, जिला धमतरी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपनी पत्नी के साथ रानीतराई बाजार में सब्जी बेचने आया था। शाम लगभग 5.30 बजे एक पुरुष एवं महिला ने 60 रुपये की सब्जी खरीदी और 500 रुपये का नोट दिया। बाद में बाजार में नकली नोट चलने की जानकारी मिलने पर जब उसने अपने गल्ले की जांच की, तो नोट नकली प्रतीत हुआ।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने रानीतराई बाजार के कई अन्य व्यापारियों से भी सामान खरीदकर नकली नोट चलाए थे। इसके आधार पर थाना रानीतराई में अपराध क्रमांक 123/2025 धारा 178, 179, 180, 181 एवं 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पूछताछ में आरोपी अरूण कुमार तुरंग ने नकली नोट छापकर बाजार में चलाने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि ऑनलाइन कलर फोटो कॉपी प्रिंटर एवं पेपर मंगाकर 500 रुपये के नोट की फोटो कॉपी कर नकली नोट छापे गए, जिन्हें पाटन साप्ताहिक बाजार तथा रानीतराई बाजार में चलाया गया। आरोपी रानीतराई बाजार में 5,200 रुपये के नकली नोट लेकर गया था।
इसके बाद आरोपियों के निवास ग्राम सोनपैरी, मुजगहन, जिला रायपुर में विधिवत तलाशी ली गई, जहां से कलर फोटो कॉपी मशीन, पेपर तथा 1,65,300 रुपये के नकली नोट बरामद किए गए। मौके से जब्त 5,200 रुपये जोड़कर कुल 1,70,500 रुपये के नकली नोट पुलिस ने जब्त किए हैं। फिलहाल दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

आरोपी:
1. अरूण तुरंग, उम्र 50 वर्ष
2. राखी तुरंग, उम्र 40 वर्ष
निवासी – ग्राम सोनपैरी, मुजगहन, जिला रायपुर
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.