भिलाई। सरकार और सेल प्रबंधन की नीतियों, रिटेंशन स्कीम, निजीकरण, सेक्टर 9 हॉस्पिटल, आवास, न्यूनतम वेतन, बकाया 39 माह का एरियर, बोनस जैसे मुद्दों को लेकर विधायक देवेंद्र यादव के सत्याग्रह आंदोलन को सभी वर्गों का समर्थन मिल रहा है। बीएसपी की ट्रेड यूनियनों के अलावा सामाजिक संगठन भी सत्याग्रह को समर्थन दे रहे है।
सत्याग्रह के तीसरे दिन आज पूर्व विधायक अरुण वोरा ने सत्याग्रह स्थल पहुंचकर विधायक देवेंद्र यादव के स्वास्थ्य की जानकारी ली। वोरा ने तीसरे दिन अनशन जारी रहने पर चिंता जताते हुए कहा कि लगातार अनशन से स्वास्थ्य खराब हो सकता है।
वोरा ने बीएसपी मैनेजमेंट से कहा कि हठधर्मिता छोड़ें और भिलाई स्टील प्लांट और मिलाइयंस के हितों पर कुठाराघआत करने की नीतियां बंद करें। भिलाई को बचाने विधायक देवेंद्र यादव लगातार सक्रिय हैं। तीसरे दिन भी अनशन जारी रहने से उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। भिलाईवासियों का अहित नहीं होने दिया जाएगा।
वोरा ने प्रशासन से अपील की है कि नियमित रूप से देवेंद्र यादव के स्वास्थ्य जांच की जाए। वोरा ने कहा कि जिला प्रशासन व बीएसपी मैनेजमेंट सत्याग्रह के दौरान उठाए जा रहे मुद्दों को लेकर अनशन पर बैठे विधायक देवेंद्र यादव और बीएसपी यूनियनों को विश्वास में लेकर चर्चा करें। चर्चा न करने या चुप्पी साधे रहने से हालात नहीं सुधरेंगे।
वोरा ने कहा कि तीन दिनों से युवा विधायक देवेंद्र के साथ अन्य प्रतिनिधि भिलाई की जनता के हितों के लिये संघर्ष कर रहे हैं और प्रशासन व बीएसपी मैनेजमेंट ने अभी तक चर्चा नहीं की है। यह दुर्भाग्यजनक है। प्रशासन और बीएसपी मैनेजमेंट तत्काल सभी मुददों को लेकर विधायक से चर्चा करें। सत्याग्रह स्थल पर वोरा के साथ पूर्व महापौर आरएन वर्मा, सीजू एंथोनी, फत्ते सिंह भाटिया, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष अजय मिश्रा, राजकुमार पाली भी मौजूद रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.