दुर्ग। नगर निगम दुर्ग क्षेत्र के गंजपारा कब्रिस्तान के पास स्थित प्रमुख पेयजल आपूर्ति पाइप लाइन में हुए बड़े लीकेज के कारण बुधवार से दुर्ग शहर के अनेक वार्डों में जलापूर्ति बाधित है। मरम्मत कार्य के दौरान पाइपलाइन के आसपास की मिट्टी धंस जाने से निगम टीम का काम बीच में ही रुक गया, जिसके चलते गुरुवार सुबह भी शहर के मध्य एवं आसपास के कई वार्डों में पानी नहीं पहुँच पाया।
गुरुवार को स्थिति का जायज़ा लेने दुर्ग शहर के पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण वोरा, तथा पूर्व महापौर आर.एन. वर्मा मौके पर पहुँचे,निगम अधिकारियों से विस्तृत जानकारी लेकर तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
वोरा ने नाराज़गी जताते हुए कहा, लगातार तीन पाली तक बाधित जलापूर्ति ने 22–24 वार्ड के हजारों नागरिकों को भारी परेशानी में डाल दिया है। शहरवासी निगम से जल्द और ठोस समाधान की अपेक्षा कर रहे हैं।निगम ने गुरुवार सुबह तक जलापूर्ति सामान्य करने का भरोसा दिया था, परंतु अब भी वार्डों में पानी नहीं पहुंचा है। मरम्मत कार्य को शीर्ष प्राथमिकता में लेकर तुरंत पूरा किया जाए।”
पूर्व महापौर आर.एन. वर्मा ने भी निगम की धीमी कार्यप्रणाली पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा
"नगर निगम को स्थायी समाधान की दिशा में सोचना चाहिए। जब तक मजबूत एवं तकनीकी रूप से टिकाऊ व्यवस्था नहीं बनेगी, तब तक शहर बार–बार जल संकट झेलता रहेगा।”
बुधवार को मरम्मत के लिए लिए गए शटडाउन के कारण शंकरनगर सहित पाँच पानी टंकियों से द्वितीय पाली की जलापूर्ति प्रभावित रही। अब मिट्टी हटाने और सीपेज का पानी निकालने के बाद मरम्मत दोबारा शुरू होने की उम्मीद है।जलकार्य विभाग के अनुसार—यदि काम समय पर पूरा हुआ तो गुरुवार शाम दूसरी पाली में पानी सप्लाई की जा सकेगी, अन्यथा संकट और लंबा खिंच सकता है।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.