-बालाघाट के युवा टाटा कम्पनी की कार निर्माण में हाथ बटाएंगे
-कलेक्ट्रेट कार्यालय से झंडी दिखाकर किया गया रवाना
बालाघाट। जिले के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को देश की प्रतिष्ठित कम्पनियों में रोजगार दिलाने के लिए कलेक्टर मृणाल मीना के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा विशेष मुहिम चलायी जा रही है। इसके अंतर्गत 10 नवम्बर को जिले के 120 युवाओं को अहमदाबाद के लिए रवाना किया गया है। इसमें 02 बालिकाऍ भी शामिल है। कलेक्टर मृणाल मीना द्वारा इन युवाओं को कलेक्ट्रेट कार्यालय से झंडी दिखाकर अहमदाबाद के लिए रवाना किया गया है। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक सराफ, एसडीएम गोपाल सोनी, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक श्रीमती प्रीति मर्सकोले, आशीष मिश्रा, तपेश असाटी एवं इनर व्हील क्लब एवं अन्य सामाजिक स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्य उपस्थित थे।

कलेक्टर श्री मीना ने इस अवसर पर टाटा मोटर्स सारन-अहमदाबाद में जाब के लिए जाने वाले युवको को शुभकामनायें देते हुए कहा कि यह जिले के युवाओं के लिए आत्मनिर्भर व सशक्त बनने का एक अवसर है। बालाघाट जिले के युवा टाटा मोटर्स जैसी प्रतिष्ठित कंपनी में कार एवं अन्य वाहन निर्माण में अपना योगदान देंगे। उन्होंने युवाओ से कहा कि वे टाटा मोटर्स में जॉब के दौरान अपना कार्य ईमानदारी एवं लगन के साथ करें, जिससे आने वाले युवाओ को भी प्रेरणा मिले। टाटा मोटर्स में जॉब करने वाले युवाओ को 03 वर्ष तक जॉब करने पर उन्हें पॉलीटेक्निक का डिप्लोमा एवं अनुभव प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा। यह शिक्षा के साथ रोजगार का अवसर है। जो उन्हें भविष्य में और भी बड़ी कंपनियों में जॉब के लिए काम आएगा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष जिले के लगभग 04 हजार युवाओं का जाब के लिए देश की प्रतिष्ठित कंपनियों में प्लेसमेंट कराया गया है।
इस अवसर पर बोनकट्टा की आयुषी माने, दमोह की राजकुमारी पंचेश्वर, राम्हेपुर के राजुलाल यादव एवं मोहगांव के शिवम कटरे ने रोजगार मेले में शामिल होने से लेकर टाटा मोटर्स कंपनी में जॉब के लिए चयनित होने तक के अनुभव साझा किये। अहमदाबाद जाने वाले युवाओ ने बताया कि वे अपने अच्छे भविष्य और परिवार की मदद के लिए अहमदाबाद जा रहे है। इसमें उन्हें जिला प्रशासन का अच्छा सहयोग मिला है।

टाटा मोटर्स कंपनी द्वारा इन युवाओ को लगभग 15 से 20 हजार रुपये का वेतन दिया जायेगा और भोजन व रहने की व्यवस्था की जायेगी। कंपनी द्वारा युवाओ का पीएफ भी जमा कराया जायेगा। जिले के ग्रामीण क्षेत्र युवाओ को अहमदाबाद में जाब मिलने से न केवल उनका भविष्य अच्छा बनेगा बल्कि उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में भी सुधार होगा और जिले की अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी। जिले के युवाओ को रोजगार मेले में लाने, उनकी काउंसलिंग कराने एवं अहमदाबाद बैंगलोर जैसे बड़े शहरो तक पहुंचाने में समाज सेवी एवं सामाजिक कार्यकर्ता आशीष मिश्रा व तपेश असाटी द्वारा सराहनीय कार्य किया जा रहा है।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.