होम / दुर्ग-भिलाई / भाजपा ने अलका बाघमार को बनाया महापौर प्रत्याशी, कांग्रेस ने प्रेमलता साहू पर जताया भरोसा
दुर्ग-भिलाई
दुर्ग । दुर्ग नगर निगम के महापौर व पार्षदों के चुनाव के लिए कांग्रेस व भाजपा दोनो पार्टियों ने अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। भाजपा ने कुर्मी समाज व कांग्रेस ने साहू समाज से महापौर पद के लिए प्रत्याशी मैदान में उतारा है। नगर निगम के महापौर पद के लिए भारतीय जनता पार्टी में कई महिला नेत्रियों ने दावेदारी की थी, लेकिन पार्टी हाई कमान ने सांसद विजय बघेल और दुर्ग शहर विधायक गजेन्द्र यादव की पसंद पर मुहर लगाते हुए अल्का वाघमार को प्रत्याशी बनाया है। अल्का वाघमार स्वभाव से सरल, सहज और व्यवहार कुशल भाजपा नेत्री है। व्यक्तित्व भी प्रभावशाली है। समाज शास्त्र में एम.ए. शिक्षित है और वर्ष 2014 में नगर निगम की पार्षद भी रह चुकी है। निगम की कार्यप्रणाली से वे भली भांति परिचित है। श्रीमती बाघमार वर्तमान में जिला भाजपा की उपाध्यक्ष है। इसके साथ-साथ गंजपारा सदन मंडल की संगठन प्रभारी, लोकसभा चुनाव में विधानसभा स्तरीय काल सेंटर प्रभारी, शक्ति केन्द्र की संयोजिका, जिला सेवा पखवाड़ा की प्रभारी, अंजोरा मंडल की चुनाव अधिकारी व आंतरिक शिकायत समिति व स्थानीय शिकायत निवारण समिति की सदस्य है। इससे पहले श्रीमती बाघमार नगर निगम में पार्षद रहने के दौरान अपील समिति की सदस्य रहने के साथ जिला महिला मोर्चा की महामंत्री भी रह चुकी है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओं में मंडल व जिला संयोजिका का दायित्व भी निर्वहन कर रही है। सामाजिक गतिविधियों में भी श्रीमती बाघमार का योगदान है। श्रीमती बाघमार मनवा कुर्मी ईकाई भिलाई की सेक्टर प्रतिनिधि, स्वदेशी जागरण मंच की सक्रिय सदस्य, अपना सेवा समिति की पूर्व अध्यक्ष के साथ सनातन धर्म की शहर महिला की अध्यक्ष भी है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने भी दुर्ग निगम महापौर के लिए उम्मीदवार घोषित कर दिया है। कांग्रेस ने दो बार की पार्षद प्रेमलता पोषण साहू को प्रत्याशी बनाया है। उन्हें पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, पूर्व विधायक अरूण वोरा, कांग्रेस नेता राजेन्द्र साहू का करीबी माना जाता है। प्रेमलता के पति पोषण साहू लंबे समय से राजनीति में सक्रिय है और दुर्ग शहर साहू समाज के अध्यक्ष हैं। प्रेमलता की टिकट फाइनल होते ही साहू समाज सक्रिय हो गया है। सोमवार की सुबह उन्हें टिकट मिलने की खबर से प्रेमलता साहू के बोरसी स्थित निवास में लोगों का जमावड़ा लग गया और उन्हें बधाईयों का तांता लगा रहा।
मूलभूत समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता -अलका बाघमार
नामांकन दाखिले के लिए कलेक्टोरेट पहुंची भाजपा महापौर प्रत्याशी अलका बाघमार ने टिकट के लिए सांसद विजय बघेल, विधायक गजेंद्र यादव, ललित चंद्राकर, संगठन नेतागण व शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा है कि मुझ जैसे एक छोटे से कार्यकर्ता पर भाजपा ने भरोसा जताया है। मैं उस विश्वास पर खऱा उतरुंगी। मैं भाजपा संगठन व कार्यकर्ताओं की प्रत्याशी हूं। चुनाव में निश्चित रूप से जीत मिलेगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मूलभूत सुविधाओं को लेकर जनता के बीच जाऊंगी। शहर के अवैध कॉलोनी का नियमितीकरण, नाली व नाले के गंदे पानी को स्वच्छ बनाने ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना, स्कूलों का संधारण, खेलकूद के लिए मैदान का निर्माण करवाना मेरी प्राथमिकता होगी।
शहर को स्मार्टसिटी बनाने के दिशा में करुंगी कार्य-प्रेमलता साहू
दुर्ग नगर निगम में दो बार पार्षद रह चुकी प्रेमलता पोषण साहू को कांग्रेस ने महापौर पद का प्रत्याशी बनाया है। नामांकन दाखिले उपरांत उन्होंने चर्चा में कहा कि मैं दुर्ग की जनता व कांग्रेस कार्यकर्ताओं की प्रत्याशी हूं। नगर निगम में मुझे कार्य करने का लंबा अनुभव है। जनता की मूलभूत समस्याओं के निराकरण के लिए मैं पहले भी संघर्षशील रही हूं। अब दोहरे ऊर्जा के साथ मेरा यह संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पेयजल समस्या को दूर करने की आवश्यकता है। इसके अलावा अन्य मूलभूत सुविधाएं जनता को सुलभ कराने की दिशा में कार्य करूंगी। शहर को स्मार्ट सिटी बनाना प्राथमिकता होगी। श्रीमती साहू ने एक सवाल के जवाब में कहा कि राज्य की पूर्व भूपेश बघेल सरकार व निगम की शहरी सरकार ने जनता को सुविधा उपलब्ध करवाने बेहतर कार्य किया है। इन कार्यों को लेकर जनता के बीच जाऊंगी।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.