' अंकों के मापदंड पर होगा मूल्यांकन, उत्कृष्ट व्यवस्था करने वाली पूजा समितियों को नगर निगम करेगा पुरस्कृत
दुर्ग। शहर में दुर्गा पूजा को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम दुर्ग ने इस वर्ष दुर्गा पूजा पंडालों के बीच प्रतियोगिता आयोजित करने की पहल की है। इसके तहत शहर के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का स्वच्छता, सुरक्षा, पर्यावरण अनुकूल व्यवस्था, आकर्षक झांकी और सजावट सहित निर्धारित मानकों के आधार पर मूल्यांकन किया जाएगा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली दुर्गा पूजा समितियों को नगर निगम द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।
महापौर श्रीमती अलका बाघमार एवं निगम आयुक्त लीना कोसम के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रतियोगिता के तहत पंडालों का निरीक्षण करने और व्यवस्थाओं का आकलन करने के लिए समिति का गठन किया गया है। नगर निगम सभापति श्याम शर्मा एवं सांस्कृतिक विभाग प्रभारी श्रीमती हर्षिका संभव जैन की पहल पर गठित समिति में विजय मनहरे, रमेश बावनकर, मिश्री गुप्ता एवं देवानंद साहू शामिल हैं। समिति के सदस्य शहर के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण कर निर्धारित मापदंडों के अनुसार अंक प्रदान करेंगे। मूर्ति विसर्जन तक निरीक्षण की प्रक्रिया जारी रहेगी।
- 100 अंकों के आधार पर होगा मूल्यांकन
प्रतियोगिता के अंतर्गत दुर्गा पूजा पंडालों का कुल 100 अंकों के आधार पर मूल्यांकन किया जाएगा। इसमें सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन, पर्यावरण अनुकूल व्यवस्था, स्वच्छता एवं साफ-सफाई, झांकी की प्रस्तुति एवं रचनात्मकता तथा पंडाल की सजावट और आकर्षण सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को शामिल किया गया है। इन सभी पहलुओं के आधार पर पंडालों की व्यवस्थाओं का आकलन कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली समितियों का चयन किया जाएगा।
-सुरक्षा और स्वच्छता पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान पंडाल परिसर और आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई, कूड़ेदानों की उपलब्धता, कचरे के उचित निपटान तथा प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग पर रोक जैसे बिंदुओं की जांच की जाएगी। इसके साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग आवागमन मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, पर्याप्त रोशनी तथा भीड़ नियंत्रण के लिए स्वयंसेवकों की तैनाती का भी आकलन किया जाएगा।
नगर निगम का उद्देश्य है कि दुर्गा पूजा के दौरान शहर के सभी पंडालों में स्वच्छता और सुरक्षा के बेहतर इंतजाम हों, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के माता के दर्शन कर सकें। प्रतियोगिता के माध्यम से पूजा समितियों को बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
- महापौर ने पूजा समितियों से की अपील
महापौर अलका बाघमार ने शहर की सभी दुर्गा पूजा समितियों से अपील की है कि वे अपने पंडालों एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखें, कचरे को निर्धारित स्थान पर डालें, पर्यावरण अनुकूल व्यवस्थाओं को प्राथमिकता दें और सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक नियमों का पालन सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य दुर्गा पूजा समितियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना और स्वच्छता एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। नगर निगम की इस पहल से शहर में दुर्गा पूजा के दौरान स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण बनाने में मदद मिलेगी तथा श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.