-स्वच्छता व्यवस्था सुधारने संपत्तिकर जमा करने वाले नागरिकों को डस्टबिन वितरण पर चर्चा, तालाबों के सौंदर्यीकरण और गार्डन-सामुदायिक भवनों के संधारण की बनेगी कार्ययोजना
दुर्ग। नगर पालिक निगम दुर्ग की महापौर अलका बाघमार ने सभापति श्याम शर्मा एवं लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर की उपस्थिति में मोतीलाल सभागार में निगम क्षेत्र के समस्त पार्षदों के साथ बैठक कर शहर में जारी एवं प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में वार्डों की समस्याओं, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान महापौर ने पार्षदों से उनके वार्डों में मौजूद समस्याओं और प्राथमिकता वाले विकास कार्यों के संबंध में सुझाव लिए। उन्होंने निर्देश दिए कि पार्षद संबंधित इंजीनियरों से संपर्क कर आवश्यक विकास कार्यों के एस्टीमेट तैयार करवाएं, ताकि प्रस्तावित कार्यों को स्वीकृति दिलाकर समय पर शुरू किया जा सके और विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके।
-स्वच्छता व्यवस्था सुधारने डस्टबिन वितरण पर चर्चा
शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से बैठक में संपत्तिकर जमा करने वाले नागरिकों को डस्टबिन वितरित करने के विषय पर चर्चा की गई। महापौर ने पार्षदों से अपने-अपने वार्डों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और नागरिकों को कचरे के उचित निपटान के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए निगम प्रशासन के साथ नागरिकों की सहभागिता भी आवश्यक है।
-आवासीय क्षेत्रों में जलभराव और कांक्रीटीकरण पर जोर
बैठक में अटल आवास, बॉम्बे आवास एवं आईएचएसडीपी आवासों के बीच खाली स्थानों के कांक्रीटीकरण तथा जलभराव की समस्या के समाधान को लेकर चर्चा हुई। इसके साथ ही सामुदायिक भवनों के संधारण, गार्डन एवं मुक्तिधामों के रखरखाव और शासकीय तालाबों के सौंदर्यीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। इन कार्यों के लिए आवश्यकतानुसार कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया, ताकि वार्डों में नागरिक सुविधाओं को व्यवस्थित और बेहतर बनाया जा सके।
-निगम भवनों के संधारण और पंडालों की जांच के लिए समिति का सुझाव
बैठक में पानी की टंकियों के कक्षों के उपयोग, निगम कार्यालयों एवं डाटा सेंटर के संधारण तथा विवेकानंद भवन और ठाकरे भवन में आवश्यकतानुसार निर्माण कार्य कराने के विषय भी उठाए गए। इसके अलावा पंडालों की जांच के लिए समिति गठित करने का सुझाव दिया गया, ताकि संबंधित व्यवस्थाओं की जांच कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए जा सकें।
महापौर अलका बाघमार ने पार्षदों से कहा कि वे अपने-अपने वार्डों की समस्याओं के निराकरण के लिए सक्रियता से कार्य करें और विकास कार्यों की आवश्यकताओं से निगम प्रशासन को अवगत कराएं। उन्होंने शहर की स्वच्छता, जल निकासी, सार्वजनिक स्थलों के रखरखाव और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भूमिका पर जोर दिया। बैठक में निगम क्षेत्र के समस्त पार्षद एवं एल्डरमेन सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.