-‘जंक फूड हटाना है, मोबाइल का सही उपयोग सिखाना है’ के संकल्प से स्वस्थ और सशक्त भारत का संदेश
रायपुर। छत्तीसगढ़ के प्रतिभाशाली 7 वर्षीय ‘गूगल बॉय’ रुद्र शर्मा ने बच्चों और पालकों के स्वास्थ्य तथा बेहतर भविष्य को लेकर एक अनूठी जागरूकता मुहिम शुरू की है। रुद्र शर्मा स्वयं संकल्प लेकर देशभर के बच्चों और अभिभावकों को भी जंक फूड से दूरी बनाने तथा मोबाइल फोन का संतुलित एवं सही उपयोग करने की शपथ दिला रहे हैं। उनका संदेश है कि स्वस्थ खान-पान और संतुलित डिजिटल जीवनशैली अपनाकर बच्चों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनाया जा सकता है।
-जंक फूड से बचने की अपील
रुद्र शर्मा ने पालकों से अपील करते हुए कहा कि आज बच्चों की बदलती खान-पान की आदतें उनके स्वास्थ्य और विकास को प्रभावित कर रही हैं। पिज्जा, बर्गर, पास्ता, मैगी, चिप्स और कुरकुरे जैसे प्रोसेस्ड फूड का अत्यधिक सेवन स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। उन्होंने पालकों से बच्चों के आहार में पौष्टिक और घर पर तैयार भोजन को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।
रुद्र ने कहा कि जंक फूड के स्थान पर पारंपरिक एवं पौष्टिक व्यंजनों को बच्चों की पसंद बनाया जा सकता है। पिज्जा की जगह घर पर रोटी पिज्जा, जबकि बर्गर की जगह इडली, फरा, चीला, डोसा और चावल की रोटी जैसे पारंपरिक व्यंजन दिए जा सकते हैं। वहीं बाजार के मैदे वाले पास्ता और मैगी की जगह गेहूं या सूजी से बने विकल्प अपनाने की सलाह दी। उन्होंने दैनिक आहार में हरी सब्जियां, ताजे फल और अंकुरित सलाद शामिल करने पर भी जोर दिया।
-मोबाइल का सही उपयोग जरूरी
रुद्र शर्मा ने बच्चों के साथ-साथ बड़ों में बढ़ते मोबाइल उपयोग को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन आज आवश्यकता का महत्वपूर्ण साधन है, लेकिन इसका अनावश्यक और अत्यधिक उपयोग बच्चों के व्यवहार और दिनचर्या को प्रभावित कर सकता है। उन्होंने पालकों से अपील की कि वे स्वयं भी मोबाइल का उपयोग आवश्यकता के अनुसार करें, ताकि बच्चे उनसे अच्छी आदतें सीख सकें।
-बच्चों को दें समय, खेलों से जोड़ें
रुद्र ने अभिभावकों से बच्चों के लिए रोजाना पर्याप्त समय निकालने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को पार्क ले जाएं, उनके साथ बातचीत करें, उनकी भावनाओं को समझें तथा उन्हें मैदानी और शारीरिक खेलों के लिए प्रोत्साहित करें। घर में खिलौनों के साथ खेलने के अलावा बच्चों के साथ शारीरिक गतिविधियों वाले खेलों में भी पालकों को सहभागी बनना चाहिए।
रुद्र का कहना है कि जब अभिभावक बच्चों को पर्याप्त समय देंगे और उन्हें खेल-कूद से जोड़ेंगे, तो उनका ध्यान स्वाभाविक रूप से मोबाइल से हटकर रचनात्मक एवं शारीरिक गतिविधियों की ओर बढ़ेगा। इससे बच्चों में स्वस्थ जीवनशैली और सक्रिय दिनचर्या विकसित करने में मदद मिल सकती है।
-हर घर तक पहुंचाने का संकल्प
सात वर्षीय रुद्र शर्मा की यह पहल बच्चों के स्वास्थ्य, पौष्टिक खान-पान और डिजिटल अनुशासन को लेकर जागरूकता का संदेश दे रही है। उनकी मुहिम का मूल संदेश है— “जंक फूड हटाना है, मोबाइल का सही उपयोग सिखाना है, भारत को स्वस्थ व सशक्त बनाना है।” रुद्र का मानना है कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य के लिए परिवार की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है और छोटे-छोटे बदलावों से स्वस्थ जीवनशैली की मजबूत नींव रखी जा सकती है।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.