-‘वन मंत्री केदार कश्यप बोले—प्रधानमंत्री के दृढ़ संकल्प से नक्सलवाद का हुआ खात्मा, अब अबूझमाड़ के विकास को मिलेगी नई गति’

रायपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गुरुवार को नारायणपुर जिले में “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। जिलेभर में जनभागीदारी के साथ कुल 1 लाख 28 हजार 633 दीये प्रज्ज्वलित कर सेवा, सद्भावना, सामाजिक एकजुटता और सहभागिता का संदेश दिया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न स्थानों पर दीप जलाए गए।
-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दृढ़ इच्छाशक्ति और संकल्प से बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली
मुख्य कार्यक्रम नारायणपुर के एडका चौक स्थित गोठियारी तालाब में शाम 7 बजे आयोजित हुआ। कार्यक्रम में वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री केदार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संस्थाओं तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री केदार कश्यप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और उनके संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति और संकल्प के कारण पूरे क्षेत्र में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ अब नक्सलवाद से मुक्त होने की दिशा में आगे बढ़ चुका है और अबूझमाड़ के विकास को नई गति मिलेगी।
-देशभर में एकजुटता और उत्साह का वातावरण
मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 25 वर्ष आगामी 7 अक्टूबर को पूर्ण हो रहे हैं। इसी भाव को “जिसने जीवन संवारा, उसे आशीर्वाद हमारा” की भावना से जोड़ते हुए देशभर में उत्साह का वातावरण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय पर्वों और महत्वपूर्ण अवसरों पर देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों का मनोबल बढ़ाने के लिए उनके बीच पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे अवसरों पर देशभर में एकजुटता और उत्साह का वातावरण दिखाई देता है।
मंत्री ने कहा कि नारायणपुर में भी घर-घर, मंदिरों, चौक-चौराहों और शासकीय कार्यालयों में दीप प्रज्ज्वलित कर आशीर्वाद और सहभागिता का संदेश दिया गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के संकल्प से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बदलाव की प्रक्रिया तेज हुई है। कार्यक्रम को छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम तथा नगर पालिका परिषद अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल ने भी संबोधित किया।
कलेक्टर नारायणपुर ने प्रतिवेदन में बताया कि “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम जिले में उत्साह और व्यापक जनभागीदारी के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों, कॉलेजों, छात्रावासों, शासकीय भवनों, सुरक्षा कैंपों, पुनर्वास केंद्रों, मंदिरों और चौक-चौराहों सहित विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलित किए गए हैं।
-1 लाख 28 हज़ार 633 दीपों की रोशनी से जगमगाया नारायणपुर जिला
कार्यक्रम के तहत मुख्य आयोजन स्थल गोठियारी तालाब में 51 हजार दीये, नगरपालिका क्षेत्रों में 15 हजार, जनपद पंचायत नारायणपुर क्षेत्र में 38 हजार तथा जनपद पंचायत ओरछा क्षेत्र में 18 हजार दीये जलाए गए। इसके अलावा जिले के अन्य स्थानों 20 हजार से अधिक दीये प्रज्ज्वलित किए गए। इस तरह जिलेभर में कुल 1,28,633 दीपों की रोशनी से नारायणपुर जगमगा उठा। कार्यक्रम में नागरिकों के साथ बच्चों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न संस्थाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करना, सेवा एवं सद्भावना की भावना को मजबूत करना और जनभागीदारी के माध्यम से विकसित भारत 2047 के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश देना रहा। सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन ने जिले में एकता, सहभागिता और सकारात्मक सामाजिक भावना का वातावरण निर्मित किया।
कार्यक्रम में पद्मश्री हेमचंद मांझी, छोटे डोंगर सरपंच श्रीमती संध्या पवार, नगर पालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा, जिला एवं जनपद पंचायत सदस्य, नगर पालिका के पार्षदगण, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल, जिला पंचायत सीईओ, डीएफओ सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.