-दुर्ग के चारों दिगंबर जैन मंदिरों में तैयारियां पूर्ण, प्रतिदिन होंगे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन
दुर्ग। जैन समाज के सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक पर्वों में से एक पर्वराज पर्युषण पर्व एवं दस लक्षण धर्म का आयोजन इस वर्ष 16 से 25 सितंबर तक श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ किया जाएगा। दुर्ग शहर के चारों दिगंबर जैन मंदिरों में दस दिवसीय आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस दौरान प्रातः से रात्रि तक विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
समाज के प्रचार-प्रसार प्रभारी संजय बोहरा ने बताया कि दस लक्षण धर्म के प्रत्येक दिवस का विशेष धार्मिक महत्व है। प्रतिदिन प्रातः श्रीजी भगवान का अभिषेक, शांतिधारा एवं द्रव्य पूजा सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। इसके साथ ही ब्रह्मचारी वृद्धि भैया जी द्वारा प्रतिदिन अलग-अलग धर्म दिवस के विषय पर प्रवचन दिए जाएंगे। समाज के श्रद्धालु इन दस दिनों में भक्ति, तप, संयम और साधना के माध्यम से धर्म आराधना करेंगे। इसी कारण इसे दस लक्षण धर्म दिवस के रूप में मनाया जाता है।
बड़ा मंदिर में मुनिश्री का सानिध्य
बोहरा ने बताया कि दुर्ग नगर के गौरव बड़ा मंदिर में मुनि श्री आराध्य सागर जी महाराज का चातुर्मास चल रहा है। उनके सानिध्य में दस दिवसीय श्रावक साधना आवासीय शिविर भी आयोजित किया जाएगा। शिविर के दौरान मुनिश्री के मार्गदर्शन में विभिन्न धार्मिक क्रियाएं एवं साधना कार्यक्रम संपन्न होंगे।
विद्युत नगर जैन मंदिर में विशेष आयोजन
इसी प्रकार विद्युत नगर स्थित दिगंबर जैन मंदिर को आकर्षक साज-सज्जा एवं रोशनी से सजाया गया है। यहां भी दस दिवसीय पर्व के दौरान प्रतिदिन धार्मिक, सामाजिक एवं रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रात्रि में सामूहिक महाआरती का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल होंगे।
अनंत चतुर्दशी पर शोभायात्रा, फिर क्षमावाणी
दस लक्षण धर्म के अंतिम दिवस अनंत चतुर्दशी के अवसर पर विशेष आयोजन होंगे। शोभायात्रा के पश्चात समाजजन एक-दूसरे से क्षमा याचना कर क्षमावाणी पर्व मनाएंगे। जैन समाज में यह पर्व आपसी वैमनस्य दूर कर परस्पर प्रेम, सद्भाव और क्षमा की भावना को मजबूत करने का संदेश देता है।
दस लक्षण धर्म जैन समाज का अत्यंत महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है, जिसे देश-विदेश में श्रद्धा और परंपरा के अनुरूप मनाया जाता है। दुर्ग में आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों को सफल बनाने में रमेश जैन, अभिषेक जैन, राकेश जैन सहित आयोजन समिति एवं प्रबंधन से जुड़े सदस्यों का विशेष सहयोग रहा है।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.