होम / दुर्ग-भिलाई / जलकुंभी से पटा बैधनाथ पारा तालाब, महापौर ने जताई नाराजगी
दुर्ग-भिलाई
-निजी तालाब मालिक को किया तलब, तत्काल सफाई के निर्देश; महावीर कॉलोनी में नाली निर्माण का भी किया निरीक्षण
दुर्ग। नगर पालिक निगम दुर्ग की महापौर अलका बाघमार एवं निगम आयुक्त लीना कोसम ने सोमवार को वार्ड क्रमांक 39 बैधनाथ पारा स्थित तालाब और वार्ड क्रमांक 38 महावीर कॉलोनी में चल रहे नाली निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान महापौर ने तालाब में फैली जलकुंभी और गंदगी पर नाराजगी जताते हुए तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। वहीं निजी तालाब की अव्यवस्था को लेकर उसके मालिक को तलब किया गया।
बैधनाथ पारा तालाब में लंबे समय से सफाई नहीं होने और बड़ी मात्रा में जलकुंभी फैलने की शिकायत स्थानीय पार्षद गुलाब वर्मा एवं वार्डवासियों ने महापौर से की थी। नागरिकों ने बताया कि जलकुंभी सड़ने के कारण तालाब के आसपास दुर्गंध फैल रही है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए महापौर एवं आयुक्त मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
महापौर अलका बाघमार ने संबंधित अधिकारियों को तालाब से जलकुंभी तत्काल हटाने और समुचित सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता और नागरिकों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है। तालाबों की साफ-सफाई और देखरेख में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके बाद महापौर एवं आयुक्त ने महावीर कॉलोनी में निर्माणाधीन नाली का निरीक्षण किया। महापौर ने नाली निर्माण में उचित स्लोप रखने के निर्देश दिए, ताकि पानी का निकास सुचारू रहे और जलभराव की स्थिति निर्मित न हो। घरों के गेट के सामने बनाए गए बड़े स्लोप को लेकर भी उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अत्यधिक स्लोप के कारण भविष्य में नाली की सफाई में सफाई कर्मियों को परेशानी होगी।
महापौर ने नालियों के ऊपर उचित आकार की जाली लगाने के निर्देश दिए, ताकि सफाई कर्मी आसानी से नाली की सफाई कर सकें और कचरा जमा होने की समस्या को कम किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों एवं ठेकेदार को निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा मौके पर रहकर कार्य की निगरानी करने के निर्देश दिए।
महापौर ने कहा कि नाली और सड़क जैसे मूलभूत निर्माण सीधे नागरिकों की सुविधा से जुड़े हैं। इसलिए निर्माण के दौरान गुणवत्ता के साथ भविष्य में होने वाली सफाई और रखरखाव को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए।
आयुक्त लीना कोसम ने कहा कि निगम क्षेत्र में स्वच्छता, जल निकासी और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। नागरिकों से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य देव नारायण चंद्राकर, निलेश अग्रवाल, ज्ञानेश्वर ताम्रकर, पार्षद गुलाब वर्मा, रामचंद्र सेन सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.