दुर्ग। इंदिरा मार्केट में नामी ब्रांड टाइटन और फास्ट्रैक के नाम का दुरुपयोग कर नकली घड़ियां बेचने के मामले में दुर्ग कोतवाली पुलिस ने दुकान संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से टाइटन एवं फास्ट्रैक की 280 नकली घड़ियां, फास्ट्रैक के 275 नकली टैग और घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर 2026 को गौरव तिवारी, निवासी द्वारका, नई दिल्ली, जो टाइटन कंपनी की ओर से ब्रांडेड घड़ियों की असली-नकली जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए अधिकृत हैं, ने दुर्ग कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। उन्हें सूचना मिली थी कि इंदिरा मार्केट स्थित सत कबीर वाच दुकान में लंबे समय से टाइटन और फास्ट्रैक के नाम का इस्तेमाल कर नकली घड़ियां बेची जा रही हैं।
शिकायत और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शाम करीब 6 बजे होटल मान लाइन, नवाब प्लाजा के सामने स्थित सत कबीर वाच दुकान में दबिश दी। जांच के दौरान बड़ी संख्या में नकली घड़ियां और टैग बरामद हुए। पुलिस ने दुकान संचालक कमलेश निर्मलकर (41), पिता सुमेरी निर्मलकर, निवासी पंचशील नगर, वार्ड क्रमांक 1, दुर्ग को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी प्रसिद्ध ब्रांड टाइटन और फास्ट्रैक के नाम एवं ट्रेडमार्क का दुरुपयोग कर नकली घड़ियों को असली बताकर ग्राहकों को बेचता था। इस माध्यम से वह अवैध आर्थिक लाभ अर्जित कर रहा था। इस गतिविधि से कंपनी को आर्थिक नुकसान के साथ ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी की शिकायत सामने आई है।
मामले में दुर्ग कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 0483/2026 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम 1957 की धारा 63 एवं बीएनएस की धारा 318(4) के तहत कार्रवाई की गई है।
कार्रवाई में थाना दुर्ग कोतवाली के उप निरीक्षक/सहायक उप निरीक्षक मोहन साहू सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
नकली सामान की बिक्री न करने की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि नामी कंपनियों के नकली अथवा पायरेटेड सामान की खरीद-बिक्री न करें। पुलिस ने कहा कि ब्रांडेड सामान के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी और कॉपीराइट उल्लंघन से बचने के लिए ग्राहक भी सामान खरीदते समय सतर्क रहें। किसी क्षेत्र में नकली सामान की बिक्री या ऐसी अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.