दुर्ग

रिसाली दशहरा मैदान में भाजपा का वृहद तीज महोत्सव, संस्कृति और महिला सशक्तिकरण का दिखा संगम

607060920261316201001856975.jpg

-सांसद विजय बघेल, विधायक ललित चंद्राकर और जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने मातृशक्ति को किया नमन, विभिन्न प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

Image after paragraph


रिसाली। भारतीय जनता पार्टी के रिसाली एवं मरोदा-पुरैना मंडल के संयुक्त तत्वावधान में रिसाली दशहरा मैदान में वृहद तीज महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दुर्ग सांसद विजय बघेल, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर और भाजपा दुर्ग जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, महिला मोर्चा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। आयोजन में छत्तीसगढ़ी संस्कृति, परंपरा, संस्कार और महिला सशक्तिकरण का सुंदर संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान, छत्तीसगढ़ राज्यगीत ‘अरपा पैरी के धार’ के गायन तथा भारत माता के तैलचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। पूरे दशहरा मैदान को हरियाली तीज के पारंपरिक श्रृंगार, मेंहदी, झूले और लोकगीतों से सजाया गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में माताओं-बहनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
महोत्सव के दौरान छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य, सुआ, करमा, रैंप वॉक सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। पारंपरिक वेशभूषा में महिलाओं द्वारा किए गए रैंप वॉक ने खूब तालियां बटोरीं। वहीं फुगड़ी प्रतियोगिता तथा ठेठरी, खुरमी, चीला और अनरसा जैसे पारंपरिक व्यंजनों की प्रतियोगिता में भी महिलाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया।
-तीज हमारी संस्कृति और नारी शक्ति की पहचान : विजय बघेल
दुर्ग सांसद विजय बघेल ने कहा कि तीज केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति में पति-पत्नी के अटूट प्रेम, विश्वास और भारतीय नारी के त्याग की गौरवशाली परंपरा है। माता पार्वती ने भगवान शिव को पाने के लिए कठोर तप किया था और वही शक्ति आज हमारी माताओं-बहनों में दिखाई देती है।
उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार ने महिलाओं के सम्मान और आत्मनिर्भरता के लिए अनेक योजनाएं संचालित की हैं। नारी शक्ति वंदन अधिनियम, उज्ज्वला योजना, महतारी वंदन योजना और लखपति दीदी जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाया जा रहा है। आज की नारी अबला नहीं, सबला है और यही भाजपा की वास्तविक ताकत है।
-आयोजन ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति को जीवंत किया : ललित चंद्राकर
दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि वे दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र, मरोदा-पुरैना और रिसाली की समस्त मातृशक्ति को नमन करते हैं। महिलाओं ने जिस उत्साह और उल्लास के साथ आयोजन में भाग लिया, उससे छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति जीवंत हो उठी। उन्होंने कहा कि यह तीज महोत्सव केवल मनोरंजन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी को अपनी संस्कृति और जड़ों से जोड़ने का अभियान है। उन्होंने माताओं-बहनों को विश्वास दिलाया कि दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र की जनता के सुख-दुख में वे सदैव उनके साथ खड़े रहेंगे।
प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष डॉ. विभा अवस्थी ने कहा कि भाजपा में महिलाओं को सम्मान के साथ नेतृत्व का अवसर दिया जाता है। तीज त्याग, एकता और उल्लास का पर्व है। रैंप वॉक सहित विभिन्न गतिविधियों में महिलाओं के आत्मविश्वास ने यह साबित किया कि छत्तीसगढ़ की नारी आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही है। उन्होंने रिसाली और मरोदा-पुरैना मंडल महिला मोर्चा को भव्य आयोजन के लिए बधाई दी।
-मातृशक्ति भाजपा की मजबूती का आधार : सुरेंद्र कौशिक
भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने कहा कि आयोजन में उमड़ा जनसैलाब दुर्ग जिले में भाजपा की मजबूती और मातृशक्ति के पार्टी के प्रति विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर से लेकर मंडल स्तर तक कार्यकर्ताओं ने आयोजन को सफल बनाने के लिए मेहनत की। उन्होंने दोनों मंडलों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को सफल आयोजन के लिए साधुवाद दिया।
जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती तृप्ति चंद्राकर ने आयोजन में शामिल सभी माताओं-बहनों का स्वागत करते हुए कहा कि रैंप वॉक, फुगड़ी और पारंपरिक व्यंजन प्रतियोगिता में महिलाओं की भागीदारी उत्साहजनक रही। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया, लेकिन आयोजन में शामिल प्रत्येक महिला उनके लिए विजेता है। उन्होंने सभी को हरितालिका तीज की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में प्रदेश महिला मोर्चा महामंत्री शीतल नायक, महापौर अलका बाघमार, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, जनपद अध्यक्ष कुलेश्वरी देवांगन, भिलाई नगर पंचायत अध्यक्ष श्वेता अग्रवाल, जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष एम. तृप्ति चंद्राकर, रिसाली मंडल अध्यक्ष अनुपम साहू, मरोदा-पुरैना मंडल अध्यक्ष राजू राकेश जंघेल, महिला मोर्चा अध्यक्ष शकुंतला दास एवं शिखा तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा सांसद प्रतिनिधि पप्पू दीपक चंद्राकर, समाजसेवी सोनू राम सिंह, जिला मंत्री शैलेन्द्र शेंडे, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष माया बेलचंदन, गायत्री वर्मा, सांसद विजय बघेल की धर्मपत्नी रजनी बघेल सहित पांचों मंडलों के अध्यक्ष, महामंत्री, पार्षद, एमआईसी सदस्य, शक्ति केंद्र प्रभारी और हजारों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

एक टिप्पणी छोड़ें

Data has beed successfully submit

Related News

Advertisement

Popular Post

This Week
This Month
All Time

स्वामी

संपादक- पवन देवांगन 

पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)

ई - मेल :  dakshinapath@gmail.com

मो.- 9425242182, 7746042182

हमारे बारे में

हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।

सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।

logo.webp

स्वामी / संपादक- पवन देवांगन

- बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)

ई - मेल : dakshinapath@gmail.com

मो.- 9425242182, 7746042182

NEWS LETTER
Social Media

Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved

Powered By Global Infotech.