राजनांदगांव। चिखली दीनदयाल नगर में जमीन के कमीशन को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने अपने दोस्त की लोहे के सब्बल से वार कर हत्या कर दी। चौकी चिखली पुलिस ने मामले की गुत्थी सुलझाते हुए घटना के चंद घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार अर्जुन वाधवानी 2 सितंबर की रात घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान 3 सितंबर को आरोपी सुनील वर्मा के किराये के मकान के पीछे बने हॉल में अर्जुन का शव चादर में लिपटा हुआ मिला। सूचना पर पुलिस ने शव बरामद कर मामले की जांच शुरू की और धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया।
-6 लाख रुपये के कमीशन को लेकर था विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक अर्जुन वाधवानी और आरोपी सुनील वर्मा जमीन की खरीदी-बिक्री का काम करते थे। दोनों के बीच जमीन सौदे से मिले करीब 6 लाख रुपये के कमीशन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस के मुताबिक अर्जुन से आधे कमीशन की राशि मांगे जाने पर वह पिछले 6-7 महीने से लगातार टालमटोल कर रहा था।
घटना वाले दिन भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर सुनील वर्मा ने घर में रखे लोहे के सब्बल से अर्जुन के सिर और माथे पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई।
-शव चादर में लपेटकर पीछे छिपाया
हत्या के बाद आरोपी ने शव को चादर में लपेटकर मकान के पीछे बने हॉल में रख दिया और वहां ताला लगाकर फरार हो गया। इसके बाद हत्या में इस्तेमाल किया गया सब्बल और कपड़े गठुला नाला के पास छिपा दिए गए। पुलिस के अनुसार इस दौरान मृतक की कार का भी इस्तेमाल किया गया था।
-पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल
एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन में चौकी चिखली पुलिस की टीम ने संदेह के आधार पर सुनील वर्मा उर्फ बबलू (29), निवासी रामनगर, हाल दीनदयाल नगर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का सब्बल, कपड़े और कार जब्त कर ली है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.