-फसल, गौपालन, मत्स्य, उद्यानिकी सहित विभिन्न योजनाओं के तहत 978 से अधिक किसानों व समूहों को मिलेगा लाभ
दुर्ग। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित दुर्ग की ऋण उप समिति एवं संचालक मंडल की बैठक 3 सितंबर 2026 को बैंक अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में किसानों को विभिन्न कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों के लिए कुल 13.10 करोड़ रुपये से अधिक का ऋण स्वीकृत किया गया।
बैठक में उपाध्यक्ष नरेश यदु, सहायक संचालक कृषि सुमन कुमार कोर्राम, उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं दुर्ग सतीश पाटले तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस.के. वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैंक के कार्यक्षेत्र दुर्ग, बालोद एवं बेमेतरा जिले की 11 सहकारी समितियों से संबंधित किसानों के लिए फसल ऋण की पूरक साख सीमा वर्ष 2026-27 से 2028-29 तक के लिए 811 किसानों को 9.56 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए। वहीं गन्ना उत्पादन के लिए 6 किसानों को 5.62 लाख रुपये तथा केला उद्यानिकी फसल के लिए 3 किसानों को 7.73 लाख रुपये का ऋण मंजूर किया गया।
इसी तरह गौपालन के लिए 95 किसानों को 1.96 करोड़ रुपये, नवीनीकरण के तहत 38 किसानों को 63.30 लाख रुपये, मत्स्य पालन के लिए 2 किसानों को 2.62 लाख रुपये, बकरीपालन के लिए 2 किसानों को 4.32 लाख रुपये, कुक्कुट पालन के लिए 3 किसानों को 6.40 लाख रुपये तथा मध्यकालीन व्यक्तिगत ऋण के तहत 8 किसानों को 45.64 लाख रुपये स्वीकृत किए गए। गोल्डन क्रेडिट कार्ड के तहत 2 किसानों को 9 लाख रुपये तथा स्वयं सहायता समूहों की मांग के अनुसार 3 समूहों को 12.60 लाख रुपये का ऋण मंजूर किया गया।
योजनाओं का किसानों तक पहुंचाएं लाभ
बैठक में बैंक अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन ने निर्देश दिए कि ऋण नीति के अनुसार कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन एवं मत्स्य विभाग की विभिन्न योजनाओं का किसानों के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान इन योजनाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने बैंक के माध्यम से किसानों को उपलब्ध ऋण सुविधाओं की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर भी जोर दिया।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य पर्यवेक्षक सुश्री कुसुम ठाकुर एवं शाखा प्रबंधक एस.पी. वाहने भी उपस्थित रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.