-दुर्ग जिले में प्रकृति, जनसहभागिता और राष्ट्रप्रेम के संदेश के साथ मनाया जाएगा स्वतंत्रता दिवस
दुर्ग। जिले में इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस का आयोजन प्रकृति संरक्षण, जनसहभागिता और राष्ट्रप्रेम के संदेश के साथ किया जाएगा। शासन के निर्देशानुसार जिले के 123 अमृत सरोवरों के तट पर 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए जाएंगे। इन अवसरों पर पंचायत राज संस्थाओं के पदाधिकारियों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा।
कलेक्टर अभिजीत सिंह ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन को लेकर संबंधित अधिकारियों एवं ग्राम पंचायतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। रोजगार गारंटी योजना के तहत निर्मित अमृत सरोवर ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं सामुदायिक सहभागिता के महत्वपूर्ण केंद्र बन रहे हैं। इन सरोवरों से ग्रामीणों को निस्तार एवं सिंचाई के लिए जल सुविधा उपलब्ध होने के साथ-साथ स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को मत्स्य पालन जैसी आजीविका गतिविधियों से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त होने के अवसर भी मिल रहे हैं।
-’अमृत सरोवरों के तट पर बढ़ेगी जनभागीदारी’
कलेक्टर अभिजीत सिंह ने निर्देश दिए हैं कि अमृत सरोवरों के तट पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में विशेष नागरिकों, निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं, महाविद्यालयीन युवाओं, स्कूली विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाए। समारोह के माध्यम से ग्रामीणों को जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता के प्रति जागरूक भी किया जाएगा।
-स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का लिया जायजा
कलेक्टर अभिजीत सिंह ने जिले में 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाए जाने की तैयारियों की समीक्षा की। जिला मुख्यालय सहित जनपद पंचायतों, ग्राम पंचायतों, शासकीय कार्यालयों एवं शिक्षण संस्थाओं में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बजरंग कुमार दुबे मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत दुर्ग ने बताया कि जिले के ग्रामीण क्षेत्र 123 अमृत सरोवरों के तट पर स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए जाएंगे। जिला मुख्यालय में आयोजित मुख्य समारोह में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ध्वजारोहण, राष्ट्रगान एवं परेड सहित विभिन्न कार्यक्रम होंगे। स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
समारोह को गरिमामय एवं रोचक बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित किए जाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.