होम / दुर्ग-भिलाई / स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को लेकर कांग्रेस पार्षद दल ने महापौर को सौंपी लालटेन
दुर्ग-भिलाई
दुर्ग। शहर में खराब स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को लेकर कांग्रेस पार्षद दल ने नगर निगम महापौर से मुलाकात कर शहर की समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षद दल ने महापौर को प्रतीकात्मक रूप से लालटेन भेंट करते हुए स्ट्रीट लाइट व्यवस्था जल्द दुरुस्त करने की मांग की।
नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले ने आरोप लगाया कि शहर के सभी 60 वार्डों में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था बेहद खराब है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड में लगभग 20 से 25 स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हैं। पिछले दीपावली पर्व के दौरान भी शहर का बड़ा हिस्सा अंधेरे में डूबा रहा था और इस बार बरसात के मौसम में भी कई इलाकों में पर्याप्त रोशनी नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान अंधेरे के कारण लोगों को विशेष रूप से सांप-बिच्छू जैसे जहरीले जीवों का खतरा बना रहता है। कांग्रेस पार्षद दल का आरोप है कि नगर निगम में स्ट्रीट लाइट के रखरखाव और सुधार की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। लाइट सुधारने के लिए कर्मचारियों की कमी है, वहीं नई स्ट्रीट लाइट की खरीद नहीं होने और शासन स्तर से भी पर्याप्त लाइट उपलब्ध नहीं होने के कारण वार्डों में समस्या लगातार बनी हुई है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि खराब स्ट्रीट लाइट को लेकर वार्ड की जनता लगातार पार्षदों से शिकायत कर रही है, जिसके चलते पार्षदों को भी असहज स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने महापौर को लालटेन सौंपते हुए कहा कि यदि नगर निगम लाइट नहीं खरीद पा रहा है तो कम से कम लालटेन ही खरीदकर लगवा दी जाए। लालटेन के लिए मिट्टी का तेल पार्षद अपने स्तर पर उपलब्ध कराने को तैयार हैं, ताकि वार्डों में कुछ रोशनी हो सके।
कांग्रेस पार्षद दल ने महापौर से जल्द से जल्द स्ट्रीट लाइट की खरीदी एवं खराब लाइटों के सुधार की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्षद दल द्वारा नगर निगम का घेराव कर आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले, उप नेता प्रतिपक्ष विजयंत पटेल, कांग्रेस पार्षद दल प्रभारी दीपक साहू, सचेतक मनीषा सोनी, मनीष बघेल, नीरा खींचरिया, अश्वनी निषाद, पायल पाटिल एवं रेखा बंजारे सहित अन्य कांग्रेस पार्षद उपस्थित रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.