
भिलाई। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में दुर्ग पुलिस ने गुरुवार से जिलेभर में 'पिंक पेट्रोलिंग' अभियान की शुरुआत कर दी। पुलिस कंट्रोल रूम, सेक्टर-06 भिलाई में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर 14 विशेष पिंक पेट्रोलिंग टीमों को रवाना किया।
इस पहल के तहत जिले के 13 थाना क्षेत्रों तथा एक रक्षा टीम सहित कुल 14 विशेष टीमों का गठन किया गया है। प्रत्येक टीम में चार पुलिसकर्मी और एक पीएसआई (PSI) प्रभारी तैनात रहेगा। ये टीमें महिलाओं, छात्राओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार गश्त करेंगी।
पिंक पेट्रोलिंग टीमें स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों में प्रवेश एवं छुट्टी के समय नियमित निगरानी रखेंगी। इसके अलावा बाजार, मॉल, पार्क, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर गश्त कर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगी। महिला संबंधी शिकायतों एवं डायल-112 से प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।

अभियान के तहत असामाजिक तत्वों, मनचलों और संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। साथ ही महिला हेल्पलाइन 1091, आपातकालीन सेवा 112 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के संबंध में लोगों को जागरूक किया जाएगा, ताकि महिलाएं किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री सुखनंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री मलीशंकर चंद्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्रीमती ऋचा मिश्रा, नगर पुलिस अधीक्षक श्री हर्षित मेहर, नगर पुलिस अधीक्षक श्री सत्य प्रकाश तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक (लाइन), उप पुलिस अधीक्षक सुश्री भारती मरकाम, सुश्री आकर्षि कश्यप सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
पिंक पेट्रोलिंग अभियान के संचालन, समन्वय और मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी उप पुलिस अधीक्षक सुश्री भारती मरकाम एवं उप पुलिस अधीक्षक सुश्री आकर्षि कश्यप को सौंपी गई है।
दुर्ग पुलिस ने महिलाओं और छात्राओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल डायल-112, महिला हेल्पलाइन 1091 अथवा निकटतम पुलिस थाने को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि प्रत्येक सूचना पर त्वरित और प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.